आगरा: यूपी एम्प्लाइज यूनियन ने रोडवेज क्षेत्रीय प्रबंधक के ख़िलाफ़ खोला मोर्चा, ट्रांसफर की आड़ में भ्रष्टाचार का आरोप

स्थानीय समाचार

आगरा: उत्तर प्रदेश परिवहन निगम आगरा में भ्रष्टाचार थमने का नाम नहीं ले रहा है। कर्मचारियों के विरुद्ध अनुशासन कार्यवाही एवं निजी स्वार्थ में हो रहे ट्रांसफर के आरोप को लेकर उत्तर प्रदेश एम्प्लाइज यूनियन ने क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। यूनियन के पदाधिकारियों ने क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार पर भ्रष्टाचार में संलिप्त होने के आरोप लगाए हैं और इस संबंध में कार्रवाई हेतु मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन भी भेजा है।

उत्तर प्रदेश में एंप्लाइज यूनियन के क्षेत्रीय मंत्री सत्यनारायण शर्मा का कहना है कि वित्तीय प्रबंधक मनोज कुमार पहले से ही भ्रष्टाचार में लिप्त हैं और रोडवेज विभाग में भ्रष्टाचार अब दुगना हो चला है। इसका कारण है कि क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार ट्रांसफर नीति को निजी स्वार्थ हेतु इस्तेमाल कर रहे हैं। लगातार कर्मचारियों के स्थानांतरण करके कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है जिससे भ्रष्टाचार भी पनप रहा है।

सत्यनारायण शर्मा का कहना है कि क्षेत्रीय प्रबंधक आगरा मनोज कुमार द्वारा ट्रांसफर नीति को पैसा कमाने का जरिया बना लिया गया है। आरएम आगरा का यह रवैया 2 वर्ष से लगातार जारी है। कर्मचारी ट्रांसफर को एक उद्योग बना लिया है जो थमने का नाम नहीं दे रहा है। दो साल से लगातार इधर से उधर ट्रांसफर की मार झेल रहा कर्मचारी बहुत प्रताड़ित एवं अपने आप को असहाय महसूस कर रहा है। आगरा क्षेत्र के प्रति कर्मचारी का लगभग दो से तीन बार एक स्थान से दूसरे स्थान पर ट्रांसफर हो चुके हैं। अधिकांश कर्मचारी दलालों के माध्यम से ट्रांसफर को धनबल से उसी स्थान पर रुकवा लेते हैं लेकिन कुछ गरीब/मजबूर कर्मचारी जिन पर दलालों को धन नहीं है देने को, वो बेचारे बार-बार इस पीड़ा को झेल रहे हैं।

सत्यनारायण शर्मा का कहना है कि कर्मचारियों की समस्या को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को ज्ञापन के माध्यम से अवगत कराया गया है। आर एम आगरा द्वारा चलाए जा रहे ट्रांसफर उद्योग की शिकायत उत्तर प्रदेश शासन सहित प्रबंध निदेशक उत्तर प्रदेश परिवहन निगम लखनऊ को की गई है। सत्यनारायण शर्मा का कहना है कि जब तक क्षेत्रीय प्रबंधक मनोज कुमार पर कार्रवाई नहीं होती यूनियन का यह आंदोलन जारी रहेगा।


Discover more from Up18 News

Subscribe to get the latest posts sent to your email.