आगरा: दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मानव मिलन सम्मेलन शुरू, नेपाल व कई प्रांतों से आए प्रतिनिधि

Religion/ Spirituality/ Culture

धर्म पथ के लिए जीवन में सरलता जरूरीः जैन मुनि डा.मणिभद्र महाराज

पूर्णतः वैज्ञानिक है जैन धर्मः उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय

आगरा। दो दिवसीय 28 वां अंतरराष्ट्रीय मानव मिलन सम्मेलन शनिवार को प्रारंभ हो गया। इसमें नेपाल व कई प्रदेशों को प्रतिनिधि शामिल हुए हैं। इसके संस्थापक जैन मुनि डा.मणिभद्र महाराज ने सभी को जीवन में सरलता अपनाने पर जोर दिया। वहीं प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने जैन धर्म को वैज्ञानिक बताया। सम्मेलन में नेपाल, पूना, जम्मू, कानपुर, मुंबई आदि के प्रतिनिधि आए हैं।

न्यू राजामंडी के जैन स्थानक महावीर भवन में शनिवार को आयोजित इस समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय थे। उन्होंने कहा कि जैन धर्म वैज्ञानिक है। इसके हर संदेश में विज्ञान छिपा हुआ है। चाहे पानी छान की पीने की परंपरा हो या मुख पट्टिका लगाने की बात हो, सभी स्वास्थ्य के लिए उत्तम है। जो मास्क हम लोग लगाने को मजबूर हुए, उसे जैन धर्म ने हजारों साल पहले ही पहनने कि हिदायत दी व उसकी परंपरा शुरू की। उन्होंने इस आयोजन के लिए सभी को बहुत-बहुत शुभकामनाएं दीं।

जैन मुनि डा.मणिभद्र महाराज ने 37 दिवसीय भक्तामर स्रोत अनुष्ठान के समापन पर सभी को आशीर्वाद दिया। कहा कि सभी ने इस में उत्साह दिखाया। उन्होंने कहा कि आचार्य मांगतुंग ने 48 वे श्लोक के माध्यम भगवान महावीर को अपने भावों के पुष्प अर्पित किए। बताया कि भक्तांबर स्रोत अनुष्ठान बहुत प्रभावशाली है। उसके विधिपूर्वक अनुष्ठान से वैभव प्राप्त होता है। जो भी इन श्लोकों को कंठस्थ कर लेता है, महालक्ष्मी की उस पर विशेष कृपा होती है। जैन मुनि ने कहा कि जब उन्हें वैराग्य हुआ, तभी उन्होंने खेल-खेल में भक्तांमर स्रोत की साधना की थी, उसका चमत्कार स्वयं अनुभव किया था। उन्होंने कहा कि धर्म का लाभ लेने का सबसे बड़ा उपाय है जीवन को सरल बनाना। यदि धर्म में तर्क-विर्तक, शंका होगी तो उसका कोई फल नहीं मिलने वाला। सिद्धियां भी उसी को प्राप्त होती है, जिसकी धर्म पर अटूट आस्था होती है।

पीले कुर्ते में नीचे बैठकर प्रवचन सुनते प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री योगेंद्र उपाध्याय

समारोह की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय मानव मिलन के महामंत्री अभय कोटेचा (मुंबई) ने की। तप करने वाले अर्पित भाई, राजाराम, अनिल कुमार, अतुल, रचना पारक, मधु, तारुषि जैन, बालकृष्ण जैन को सम्मानित किया गया। मुंबई से आई पार्श्व गायिका जमुना शर्मा ने भावपूर्ण भजन प्रस्तुत किया।

मानव मिलन के महिला विभाग की महामंत्री ललिता ओसवाल, नेपाल की सावित्री, काठमांडू के राजेंद्र चौरड़िया, सोनीपत के महावीर प्रसाद जैन,पूना की मीना ओसवाल आदि ने विचार व्यक्त किए। श्री श्वेतांबर स्थानकवासी जैन ट्रस्ट के अध्यक्ष अशोक सुराना ने सभी का स्वागत किया. नरेश चपलावत, राजेश सकलेचा, आदेश बुरड़, मुकेश चपलावत, विवेक कुमार जैन, अमित गादिया, वैभव जैन, अमित जैन, सचिन जैन, सुमित्रा सुराना, सुलेखा सुराना आदि ने व्यवस्था संभाली।

राजीव चपलावत को मानव मिलन की आगरा शाखा का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है।

शोभायात्रा व मानव रत्न सम्मान समारोह 

मीडिया प्रमुख विवेक कुमार जैन के अनुसार स्मृति भवन, जयपुर हाउस से रविवार को सुबह शोभायात्रा निकाली जाएगी। जो लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रेसन भवन पहुंचेगी। जहां सुबह 9 बजे से मानव रत्न सम्मान समारोह होगा। वरिष्ठ नागरिक केसरी क्लब की चेयरमैन किरण चौपड़ा विशेष रूप से मौजूद रहेंगी। केंद्रीय कानून एवं न्याय राज्यमंत्री प्रो.एसपी सिंह बघेल मुख्य अतिथि होंगे। अध्यक्षता मानव मिलन की अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष (महिला) कुसुम जैन करेंगी। विशिष्ट अतिथि महापौर नवीन जैन, दीपक कोठारी (कानपुर), सलिल बिश्नोई उपाध्यक्ष भाजपा उप्र होंगे।

-up18news