आगरा: सरकारी नौकरी ​न मिलने से परेशान युवक ने यमुना नदी में लगाई छलांग, व्हाट्स एप स्टेटस पर लिखा, मम्मी-पापा माफ करना

Crime

आगरा: मामला थाना न्यू आगरा क्षेत्र के नगला तल्फी का बताया जा रहा है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, थाना प्रभारी विजय विक्रम सिंह ने बताया कि कर्मवीर सिंह पौनिया सेना में भर्ती होने की तैयारी कर रहा था। परिवार वालों ने बताया​ कि उसने लाख कोशिश की लेकिन सरकारी नौकरी नहीं मिली। वह पिछले कुछ दिनों से परेशान था।

रविवार देर रात उसके यमुना नदी में कूदने की जानकारी घरवालों को व्हाटस एप स्टेटस से मिली। इसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। उसकी तलाश शुरू की गई। पुलिस भी आ गई। मोबाइल और चप्पल एक नाव में रखे मिले हैं। सोमवार सुबह से फिर से उसकी तलाश की जा रही है।

इधर नदी में कूदने से पहले उसने व्हाटस एप स्टेटस लगा रखा था। उसने लिखा कि मम्मी—पापा माफ कर दो। मैं कोई सरकारी नौकरी नहीं पा सका। खुदकुशी कर रहा हूं।

पुलिस ने बताया कि कर्मवीर तैरना जानता है। रविवार रात को काफी अंधेरा था, इसीलिए तलाशी में दिक्कत आई। सोमवार सुबह से ​तलाश कराई जा रही है। गांव के लोग भी नदी के पास आ गए।