आगरा: जमीन पर केमिकल गिरते ही आग की लपटों में घिरी शू फैक्ट्री, 2 कर्मचारी झुलसे

Crime

आगरा। भीषण गर्मी के साथ आग लगने की घटनाएं बढ़ रही हैं। सिकंदरा क्षेत्र स्थित अलग-अलग दो फैक्ट्रियों में भीषण आग लग गई। आग लगने से दो कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस एवं फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने बमुश्किल आग पर काबू पाया।

थाना सिकंदरा क्षेत्र स्थित इंडस्ट्री एरिया में डीसीएस सोल प्रोडक्शन प्राइवेट लिमिटेड नाम से जूते की फैक्ट्री है। कर्मचारियों के मुताबिक सुबह लगभग 10 बजे से फैक्ट्री में काम करना शुरू किया। थोड़ी देर बाद जब कर्मचारी ड्रम से केमिकल निकाल रहे थे, तभी अचानक कैमिकल उनके हाथ से छूट कर जमीन पर गिर पड़ा। जमीन पर गिरते ही केमिकल में आग लग गई। आग लगने से दोनों कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

जानकारी पर फैक्ट्री के मालिक मौके पर पहुंच गए। आग लगने के चलते सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं कर्मचारियों की मदद से फैक्ट्री में रखे अन्य केमिकल के ड्रम को बाहर निकाला जा रहा है जिससे आग और न भड़के।