आगरा। जनकपुरी महोत्सव से विदाई के बाद शनिवार को ब्रह्म मुहूर्त में जब प्रभु श्रीराम, मां जानकी, लक्ष्मण, भरत और शत्रुघ्न के स्वरूप रामनगर कॉलोनी स्थित राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल के निवास पर पहुंचे, तो पूरा वातावरण भक्ति, भावनाओं और मंगल गीतों से सराबोर हो उठा। मानो वर्षों की प्रतीक्षा के बाद अयोध्या में रघुनंदन लौटे हों और जनक दुलारी अपने नए घर की देहरी पर कदम रख रही हों। मां कौशल्या के स्वरूप नीता सिंघल ने आरती उतारकर प्रभु श्रीराम और मां जानकी की नजर उतारी तथा भावपूर्ण स्वागत के साथ गृह प्रवेश कराया।
घर की देहरी पर मंगल कलश और रंगोली से सजी शुभ छापों के बीच मां जानकी ने अपने चरणों से चावल का कलश गिराकर गृह प्रवेश किया। इस पावन दृश्य ने उपस्थित श्रद्धालुओं को त्रेतायुग की स्मृतियों से जोड़ दिया। भाभी निमिषा सिंघल और बहन आयुषी गर्ग ने सभी स्वरूपों के चरण पखारकर उनका अभिनंदन किया। इसके बाद चुनरी की छांव में मां जानकी का गृह प्रवेश कराया गया। परंपरागत रीति-रिवाजों के बीच घर में मंगल, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।
मां जानकी को चुनरी ओढ़ाकर भेंट स्वरूप प्रदान की गई। गोद भराई की रस्म के दौरान उन्हें उपहार भेंट किए गए और परिवारजनों ने सुखमय जीवन के लिए आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं। राजा दशरथ के स्वरूप संजय सिंघल, भ्राता रजत सिंघल और जीजाजी कृष्णा गर्ग ने मंदिर में शगुन के लिफाफे और नारियल भेंट करने के लिए स्वरूपों को प्रदान किए। परिवार की महिलाओं ने मंगल भाव के साथ परंपराओं का निर्वहन किया। हर रस्म में श्रद्धा, अपनत्व और पारिवारिक स्नेह की अनूठी झलक दिखाई दी।
स्वरूपों के आगमन पर बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। घर में प्रभु श्रीराम और मां जानकी के आगमन से परिवार के बच्चों के लिए यह पल किसी दिव्य उत्सव से कम नहीं था। अनिका और क्रियांशु ने अपनी भक्ति से प्रेरित होकर पत्र लिखे और स्वरूपों को भेंट किए। बच्चों की इस निश्छल भक्ति ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
गृह प्रवेश के उपरांत स्वरूपों को दूध प्रदान कर विश्राम कराया गया। इसके बाद आरती और भोग की रस्म संपन्न हुई। परिवारजनों ने भावपूर्ण वातावरण में प्रभु श्रीराम और मां जानकी का अभिनंदन किया। तत्पश्चात सभी स्वरूप आगामी रामलीला कार्यक्रम के लिए प्रस्थान कर गए।
श्रद्धा, परंपरा और पारिवारिक भावनाओं का अनूठा संगम
इस अवसर पर महापौर हेमलता दिवाकर, पूरन डावर, बीना लवानिया, अशोकचौबे, मनमोहन निरंकारी सहित श्री रामलीला कमेटी के महामंत्री राजीव अग्रवाल, मुकेश जौहरी, विनोद जौहरी, अजय अग्रवाल, राहुल गौतम, दिलीप अग्रवाल, मनोज अग्रवाल, प्रसून मंगल, राकेश जैन, विष्णु दयाल बंसल, अनुज अग्रवाल, प्रकाश चंद, अशोक अग्रवाल, विकास अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, ऋषि अग्रवाल, राम अभिषेक शर्मा आदि उपस्थित रहे।
