आगरा: थाना एत्माद्दौला पुलिस ने 40 साल पुराने मंदिर का रुकवाया मरम्मत का काम, लोगों का हंगामा

स्थानीय समाचार

आगरा: गुलाब नगर के गोकुल नगर में करीब 40 वर्ष पुराना मंदिर है। लॉकडाउन के समय ट्रक की टक्कर से मंदिर की दीवार का गेट टूट गया था। लोगों ने बताया​ कि उस समय लॉकडाउन था और रुपयों की व्यवस्था नहीं थी। इस कारण इस गेट को ठीक नहीं कराया गया।

इसके बाद रुपयों की व्यवस्था की गई। गुरुवार को ट्रक चालक और आसपास के लोग मंदिर पहुंचे। गेट को ठीक कराने लगे। तभी वहां एक नया विवाद पैदा हो गया।

एक युवक आया और जमीन को अपना बताया। थाना पुलिस को बुला लिया। पुलिस ने मंदिर के गेट का काम रुकवा दिया। गेट की मरम्मत का काम रोकने से लोग गुस्से में आ गए।

आसपास के अन्य लोग भी आ गए। भीड़ लग गई। आक्रोश फैल गया। लोगों ने जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। बस्ती के लोगों ने बताया कि जमीन पर यह युवक कब्जा करना चाहता है। उसने पुलिस की मदद ली है। थाना अध्यक्ष विनोद कुमार यादव ने बताया कि दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया है। जमीन के कागजात देख कर जांच की जाएगी।