Agra News: सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत आगरा कॉलेज में हुआ कार्यशाला का आयोजन

Press Release

आगरा। आगरा कॉलेज के ऑडिटोरियम में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत रोड सेफ्टी क्लब द्वारा बुधवार को एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय था ‘सड़क सुरक्षा और हमारा समाज’।

कार्यशाला के मुख्य अतिथि अपर पुलिस उपायुक्त यातायात अरुण चंद्र और प्राचार्य प्रो. अनुराग शुक्ल ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। अपर पुलिस उपायुक्त ने कहा कि सड़कों पर चलते समय हमें बहुत सजग एवं सावधान रहने की जरुरत है, क्योंकि हमारा जीवन अमूल्य होता है। उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहाकि वह वाहनों का अनुचित प्रयोग न करें तथा गति पर नियंत्रण रखते हुए वाहन चलाएं। उन्होंने कहाकि रफ्तार के इस युग में संयम और अनुशासन की महती आवश्यकता है।

प्राचार्य प्रो.अनुराग शुक्ल ने कहा कि यातायात नियमों के अनुपालन से जहां सड़कें भी सुरक्षित रहेंगी, वहीं सड़कों पर चलने वाले भी सुरक्षित रहेंगे। उन्होंने कहा कि सड़कों का रंग काला ही रह रहे, वह किसी के रक्त के रंग से लाल न होने पाए। छात्र-छात्राओं का जीवन हमारे लिए अति महत्वपूर्ण है, क्योंकि यह राष्ट्र की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने प्राकृतिक व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि ब्रह्मांड की सारी व्यवस्थाएं नियमित संचालित होती हैं, उसी प्रकार मनुष्य को भी व्यवस्थित रूप में नियम पूर्ण आचरण करना चाहिए।

कार्यक्रम संयोजक डॉ. शिव कुमार सिंह ने यातायात के नियमों के अनुपालन सुनिश्चित करने पर बल दिया। कार्यशाला में यातायात पुलिस के हेड कांस्टेबल श्री विष्णु शर्मा ने छात्र-छात्राओं को यातायात नियमों की जानकारियां दी। धन्यवाद ज्ञापन डॉ. रचना सिंह और संचालन डॉ. अनुराग पालीवाल ने किया।