आगरा। उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबीता सिंह चौहान ने रविवार, 5 अप्रैल 2026 को आगरा के एकलव्य स्टेडियम का विस्तृत निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने न केवल स्टेडियम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया, बल्कि खेल परिसर में लंबे समय से चल रहे एक बड़े विवाद का पटाक्षेप कर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को एकजुटता का संदेश दिया। स्टेडियम पहुँचने पर क्रीड़ा अधिकारी ने पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका भव्य स्वागत किया।
विवाद का मौके पर निस्तारण
निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष महोदया के संज्ञान में क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी (RSO) एवं कबड्डी कोच के बीच चल रहा पुराना विवाद आया। इस गतिरोध के कारण खेल के माहौल पर पड़ रहे असर को देखते हुए डॉ. बबीता सिंह चौहान ने तत्काल दोनों पक्षों को आमने-सामने बिठाकर सुना।
उन्होंने आपसी संवाद के माध्यम से दोनों पक्षों के बीच चल रही गलतफहमियों को दूर करते हुए विवाद का सफलतापूर्वक निस्तारण कराया। साथ ही सख्त निर्देश दिए कि भविष्य में इस तरह की अनुशासनहीनता या आपसी टकराव की पुनरावृत्ति नहीं होनी चाहिए।
बालिका छात्रावास और सुरक्षा पर जोर
अध्यक्ष ने विशेष रूप से बालिका छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां रह रही छात्राओं से बातचीत कर उनकी सुरक्षा और मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि छात्राओं की सुरक्षा में कोई भी चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही स्टेडियम परिसर में पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने और नियमित साफ-सफाई के कड़े निर्देश दिए गए।
खिलाड़ियों को मिलें विश्वस्तरीय सुविधाएं
निरीक्षण के अंत में डॉ. बबीता सिंह चौहान ने कहा कि स्टेडियम का उद्देश्य केवल भवन खड़ा करना नहीं, बल्कि देश को बेहतरीन खिलाड़ी देना है। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि खिलाड़ियों के अभ्यास में कोई बाधा न आए और उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराई जाएं।

