आगरा। श्री वार्ष्णेय सभा (रजि.), आगरा द्वारा रविवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में वार्षिकोत्सव-2026 का आयोजन हर्षोल्लास और भव्यता के साथ किया गया। सम्मान समारोह, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यक्रमों ने आयोजन को विशेष बना दिया। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजनों का सम्मान कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया गया। वहीं खेलकूद एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत कर प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया गया।
आयोजन का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्र राज्य मंत्री प्रो एसपी सिंह बघेल, मंडलायुक्त कमिश्नरेट आगरा विवेक वार्ष्णेय, चैयरमैन बहजोई राजू वार्ष्णेय, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल,
उद्यमी डॉ.अशोक वार्ष्णेय, पार्षद रेनू गुप्ता, पूर्व प्रदेश संगठन मंत्री विश्व हिन्दू परिषद कासगंज सुनील वार्ष्णेय, इंजी.एनसी गुप्ता, संजीव वार्ष्णेय, सभा अध्यक्ष दाऊदयाल गुप्ता, मंत्री विनोद कुमार गुप्ता, कार्यक्रम प्रभारी आशुतोष, स्वागत अध्यक्ष डॉ. अशोक कुमार वार्ष्णेय, कार्यक्रम संयोजक संजीव बाबू गुप्ता, दिनेश चंद्र गुप्ता एवं विनय कुमार वार्ष्णेय ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने कहा कि वार्ष्णेय समाज का इतिहास भगवान श्री अक्रूर जी के आदर्शों, त्याग, भक्ति और धर्मनिष्ठा से प्रेरित रहा है। भगवान श्री अक्रूर जी ने भगवान श्रीकृष्ण के प्रति अपनी अटूट श्रद्धा और समर्पण से समाज को भक्ति, सेवा और सदाचार का मार्ग दिखाया।
वार्ष्णेय समाज को उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए सामाजिक एकता, शिक्षा, सेवा और संस्कारों को आगे बढ़ाना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज की उन्नति तभी संभव है, जब नई पीढ़ी अपने गौरवशाली इतिहास और महापुरुषों के योगदान को जाने तथा उनके बताए मार्ग पर चले। वरिष्ठजनों का सम्मान और बच्चों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देना इसी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का सराहनीय प्रयास है।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आगाज नन्हे बाल कलाकारों द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना से हुआ। इसके बाद महिला मंडल की सदस्यों ने सामूहिक रूप से वंदे मातरम की भावपूर्ण प्रस्तुति देकर सभागार को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। बाल कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
समारोह की महत्वपूर्ण कड़ी में समाज के 75 वर्ष से अधिक आयु के 12 वरिष्ठजनों घनश्याम वार्ष्णेय, कमलेश वार्ष्णेय, हरिशंकर, कुमुद, शशिवाला आदि का सम्मान किया गया। सभा के सदस्यों ने वरिष्ठजनों का अभिनंदन कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ अशोक वार्ष्णेय ने कहा कि समाज की वास्तविक पूंजी उसके बुजुर्ग हैं। उनका अनुभव, संस्कार और मार्गदर्शन नई पीढ़ी के लिए अमूल्य धरोहर है। ऐसे सम्मान समारोह नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों और सामाजिक परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं।
मीडिया प्रभारी केएम गुप्ता ने बताया कि विगत दिनों सौंठ की मंडी स्थित श्री अक्रूर वाटिका में आयोजित खेलकूद एवं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिताओं के विजेता प्रतिभागियों को मंच से पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिताओं में बच्चों, युवाओं और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया था।
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में ओजस्वी गुप्ता, 5 से 9 वर्ष आयु वर्ग में कविराज, शतरंज के सीनियर वर्ग में विद्युत गुप्ता और जूनियर वर्ग में कविराज, कैरम के सीनियर वर्ग में मानवी गुप्ता और जूनियर वर्ग में तीर्थराज, कैरम महिला वर्ग में सोनिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
दौड़ प्रतियोगिता के जूनियर वर्ग में कविराज, महिला वर्ग में अमीषा गुप्ता और सीनियर वर्ग में तनिष्क ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता के बालक वर्ग में ओजस्वी तथा महिला वर्ग में अनुपमा गुप्ता ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सभी विजेताओं को पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की अगली कड़ी में महिला सशक्तिकरण एवं महिला सुरक्षा पर आधारित प्रभावशाली नाटक का मंचन किया गया। सदस्याओं ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से महिलाओं के अधिकारों, आत्मसम्मान, सुरक्षा और समाज में उनकी समान भागीदारी का संदेश दिया। नाटक को दर्शकों ने सराहा और तालियों से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर सभा की वार्षिक स्मारिका एवं सनातन-संस्कृति विशेषांक का अतिथियों द्वारा विमोचन किया गया। स्मारिका में सभा की गतिविधियों, सामाजिक कार्यों और सांस्कृतिक परंपराओं को स्थान दिया गया है।
सभा अध्यक्ष दाऊदयाल गुप्ता ने सभी अतिथियों, समाज के वरिष्ठजनों, प्रतिभागियों और उपस्थित एवं बाह्य आगंतुक सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वार्षिकोत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि समाज की एकजुटता, संस्कारों और प्रतिभाओं को सम्मान देने का उत्सव है।
वरिष्ठजनों का आशीर्वाद हमारी सबसे बड़ी पूंजी है और बच्चों की प्रतिभा समाज के उज्ज्वल भविष्य का प्रतीक है। सभा का प्रयास है कि सामाजिक एकता को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों से जोड़ा जाए।
कार्यक्रम का संचालन भानु प्रकाश वार्ष्णेय, श्वेतावार्ष्णेय, कुलदीप वार्ष्णेय,अंजली गुप्ता, रचना वार्ष्णेय एवं बबिता वार्ष्णेय ने संयुक्त रूप से किया।
इस अवसर पर श्री वार्ष्णेय सभा के अध्यक्ष डॉ. दाऊदयाल गुप्ता, कार्यक्रम संयोजक संजीव बाबू गुप्ता, मंत्री विनोद कुमार गुप्ता, स्वागत अध्यक्ष डॉ. अशोक वार्ष्णेय, महिला अध्यक्ष श्वेता वार्ष्णेय, मीडिया प्रभारी केएम गुप्ता, सहमंत्री भानु प्रकाश गुप्ता, लक्ष्मी नारायण गुप्ता, आरबी गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रह्लाद चंद्र गुप्ता , इंजी विनय वार्ष्णेय, कालीचरण गुप्ता, संजय कुमार वार्ष्णेय, पंकज गुप्ता, रीना वार्ष्णेय, मंत्री अंजली गुप्ता, रचना वार्ष्णेय, नीतू गुप्ता, मदन मोहन वार्ष्णेय, मनोज कुमार, दीपक वार्ष्णेय, हेमंत वार्ष्णेय, अनिल गुप्ता आदि उपस्थित रहे।


