Agra News: होली पर गिरे आफत के ओले, बेमौसम बारिश से फसलों को क्षति, किसान मायूस

स्थानीय समाचार

आगरा: ताजनगरी समेत आसपास के जिलों में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली। कई क्षेत्रों में ओले गिरने से फसलों को काफी नुकसान हुआ। इससे किसानों की चिंता रेखा बढ़ गई है। इससे त्योहार में खलल पैदा हो गया। लोग बचाव के लिए रंग-गुलाल भूलकर घरों में दुबक गए।

आगरा, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी में लोग होली पर्व पर उत्सव मनाने में मशगूल थे। सुबह मौसम अच्छा था। इसी बीच दोपहर से मौसम में बदलाव आने लगा। खुले आसमान में बादल छाने लगे।

 

पिनाहट थाना क्षेत्र में दोपहर बाद हल्की बारिश होने लगी। देखते ही देखते ओले गिरने लगे। ओले गिरने की वजह से लोग घरों में कैद हो गए। दूसरी तरफ किसान खेतों में पकी खड़ी चने और तिलहन की फसल के साथ गेहूं की फसल के नुकसान का आकलन करने लगे। जैसे-जैसे ओलावृष्टि तेज हुई उनकी चिंता भी बढ़ गई।

फिरोजाबाद जिले के खैरगढ़ क्षेत्र में भी जमकर ओलावृष्टि हुई। घरों के बाहर, छतों पर ओलों की एक परत बिछ गई। फसल को बड़ी मात्रा में नुकसान हुआ है।

किसानों ने बताया कि इस समय खेतों में तिलहनी और चने की फसल पककर खड़ी है। इसके अलावा मटर, अलसी, मसूर भी खड़ी है। तेज हवा के साथ बारिश और ओले गिरने से फसलों को काफी नुकसान हुआ। इसके अलावा गेहूं में बाली आ चुकी है। ओलों से इसे भी नुकसान पहुंच सकता है।