Agra News: पर्यटक दंपत्ति ने अपने बच्चे के साथ ताजमहल के रॉयल गेट पर लगाए भारत माता की जय के नारे, चेतावनी देकर छोड़ा

स्थानीय समाचार

आगरा:  रविवार को महाराष्ट्र से आए पर्यटक दंपत्ति ने अपने बच्चे के साथ ताजमहल के रॉयल गेट में प्रवेश करते समय भारत माता की जय के नारे लगाए। सुरक्षाकर्मी ने उन्हें पकड़ लिया। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) अधिकारियों के सामने पेश किया गया। घटना के बारे में उनसे लिखित कबूलनामा लिया गया। दंपत्ति को चेतावनी देकर छोड़ा गया।

ताजमहल में नारे लगाना और किसी तरह का प्रचार करना प्रतिबंधित है। रविवार दोपहर करीब एक बजे महाराष्ट्र से दंपत्ति अपने 10 साल के बच्चे के साथ ताजमहल देखने पहुंचे। रॉयल गेट से प्रवेश करते समय जैसे ही बच्चे की नजर सामने ताजमहल पर गई, वह जोर से चिल्लाया।

भारत माता की जय…, दंपत्ति ने भी बच्चे के साथ भारत माता की जय के नारे लगाए। पास खड़े सुरक्षाकर्मी ने उन्हें रोक लिया। सुरक्षाकर्मी दंपत्ति को एएसआई अधिकारियों के पास ले गए। जहां उनसे एएसआई ने घटना के बारे में लिखित स्वीकरोक्ति (कबूलनामा) लिया।

ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक प्रिंस वाजपेयी ने बताया कि चेतावनी देकर पर्यटक को छोड़ दिया है। यदि कोई वीडियो या फोटो वायरल होगा तो उनके विरुद्ध केस दर्ज कराया जाएगा। दंपत्ति का नाम, पता व अन्य जानकारी दर्ज कर ली गई है।