आगरा। ताजनगरी की शाम रविवार को पूरी तरह आध्यात्मिक ऊर्जा और कृष्ण प्रेम के रंग में रंग गई। खंदारी स्थित आरबीएस कॉलेज के राव कृष्ण पाल सिंह सभागार में आयोजित ‘अनहद’ भजन कॉन्सर्ट ने ‘डिवोशन बियोंड बाउंड्रीज’ के संकल्प को चरितार्थ कर दिया। इस्कॉन आगरा और द आगरा जैमिंग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम ने सिद्ध कर दिया कि ईश्वर की भक्ति भौगोलिक सीमाओं की मोहताज नहीं होती।
केन्या से आई भक्ति की सुरीली बयार
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण केन्या (अफ्रीका) से आईं अंतर्राष्ट्रीय भजन गायिका हरि कांता देवी दासी रहीं। उन्होंने अपनी मखमली आवाज में जब ‘गोविंद बोलो हरि गोपाल बोलो’ और ‘हरे कृष्ण महामंत्र’ का उच्चारण किया, तो पूरा सभागार करतल ध्वनि और हरिनाम संकीर्तन से गूंज उठा। विदेशी धरती से आईं गायिका की सादगी और कृष्ण के प्रति उनके समर्पण ने हर उपस्थित श्रद्धालु के हृदय को स्पर्श कर लिया।
दीप प्रज्ज्वलन और आध्यात्मिक संदेश
भजन संध्या का शुभारंभ मंगलाचरण और एचजी अरविंद स्वरूप दास, अभिषेक अग्रवाल, डॉ. रंजना बंसल, संजीव मित्तल व अशु मित्तल द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। हरि कांता देवी दासी ने अपने संदेश में कहा, “आज की भागदौड़ भरी दुनिया में इंसान बाहर शांति खोज रहा है, जबकि वास्तविक शांति कृष्ण भक्ति में अंतर्निहित है। हरे कृष्ण महामंत्र केवल शब्द नहीं, बल्कि हमारी चेतना को शुद्ध करने वाली दिव्य शक्ति है।”
युवाओं को संस्कृति से जोड़ने की पहल
कार्यक्रम संयोजक अशु मित्तल और द जैमिंग क्लब की संस्थापक रिया अग्रवाल ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य आज की युवा पीढ़ी को अपनी जड़ों और भारतीय संस्कृति से जोड़ना है। रिया अग्रवाल ने भविष्य में भी ऐसे रूहानी कार्यक्रमों के आयोजन का संकल्प दोहराते हुए सभी का आभार व्यक्त किया।
संगीत का जादू और विशिष्ट उपस्थिति
भजन संध्या में वाद्य यंत्रों पर पार्थ चौहान, प्रियांशु कृष्णा और अभिषेक शुक्ला ने अपनी संगत से भजनों की दिव्यता को और बढ़ा दिया। इस अवसर पर अदिति गौरांगी देवी दासी, नलिनी गोपिका दास, डॉ. परिणीता बंसल और मीनाक्षी मोहन सहित बड़ी संख्या में इस्कॉन के भक्त और शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पूरा वातावरण कृष्णमय होकर दिव्य आनंद में डूब गया।

