Agra News: फाउंड्रीनगर की आयरन फैक्ट्री में फटा बॉयलर, धमाके की आवाज से क्षेत्र में फैली अफरा-तफरी

Crime

आगरा: थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के फाउंड्री नगर में स्थित एक आयरन फैक्ट्री में आज सोमवार की रात बॉयलर फट गया। बॉयलर फटने की आवाज से आसपास के क्षेत्र के लोग भी फैक्ट्री के बाहर पहुंच गए। फैक्ट्री संचालक ने मुख्य दरवाजे को बंद कर लिया। किसी व्यक्ति को फैक्ट्री में घुसने नहीं दिया। धमाके में दो मजदूर झुलस गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हालांकि पुलिस किसी के घायल होने की बात से इंकार कर रही है।

रात करीब आठ बजे इंडस्ट्री एरिया में एक जोरदार धमाका हुआ। धमाके की आवाज सुनकर आसपास रहने वाले सभी लोग अचानक से भयभीत हो गए। जिस तरफ धमाका हुआ उस तरफ जानकारी करने के लिए दौड़ने लगे।

क्षेत्रीय निवासी विकास ने बताया कि हम लोग घर पर बैठकर खाना खा रहे थे, इसी दौरान तेज धमाके की आवाज ने सब को डरा दिया। हमने बाहर निकल कर देखा तो कुछ भी नहीं दिखाई दिया। जानकारी मिली कि पास में ही मौजूद एक फैक्ट्री में यह धमाके हुआ है। लेकिन जब तक हम फैक्ट्री के पास पहुंचे, तब तक फैक्टरी संचालक ने मुख्य दरवाजे को बंद कर लिया था। वहीं बताया जा रहा है। कि इस धमाके में फैक्ट्री में मौजूद कुछ लोग झुलस गए हैं, जिन्हें फैक्ट्री संचालक ने अस्पताल में भर्ती करा दिया है।

थाना ट्रांस यमुना प्रभारी आनंद प्रकाश का कहना है कि फाउंड्री नगर क्षेत्र में धमाके की सूचना मिली थी, जिस पर सब इंस्पेक्टर को भेजकर जांच-पड़ताल कराई गई। सामने आया कि धमाका हुआ था, लेकिन कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।