आगरा: भारत विकास परिषद की ‘समर्पण’ शाखा द्वारा सेवा, समर्पण और कृतज्ञता को समर्पित एक भव्य ‘प्रभारी सम्मान समारोह’ एवं ‘दिव्य सत्संग’ का आयोजन फतेहाबाद रोड स्थित होटल रिट्रीट में किया गया। कार्यक्रम में जहाँ संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने वाले सदस्यों का उत्साहवर्धन किया गया, वहीं भक्ति संगीत के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को आध्यात्मिक शांति का अनुभव कराया गया।
दीप प्रज्ज्वलन और प्रभारियों का अभिनंदन
समारोह का शुभारंभ प्रांतीय अध्यक्ष उमेश बंसल, प्रांतीय सचिव सीए विवेक अग्रवाल और प्रमोद सिंघल ने माँ भारती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। शाखा अध्यक्ष विजित गुप्ता ने बताया कि सत्र 2025-26 के दौरान विभिन्न प्रकल्पों और सेवा कार्यों को सफलतापूर्वक संपन्न कराने वाले 65 प्रभारियों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए ‘प्रभारी सम्मान’ से नवाजा गया।
नितिन गोयल को मिली नई जिम्मेदारी
संगठन की लोकतांत्रिक परंपरा का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम के दौरान आगामी सत्र के लिए नितिन गोयल को समर्पण शाखा का नया अध्यक्ष घोषित किया गया। उन्हें जल्द ही अपनी नई कार्यकारिणी के गठन और सेवा कार्यों को विस्तार देने के निर्देश दिए गए।
भजन संध्या और जीवन जीने की कला
कार्यक्रम का दूसरा भाग आध्यात्मिक चेतना के नाम रहा। सचिव नवनीत गर्ग एवं कोषाध्यक्ष संजीव मित्तल ने बताया कि ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ की टीम ने दिव्य सत्संग का आयोजन किया। गायक रवि खुल्लर, विष्णु शर्मा और ममता रल्ली ने “अच्युतम केशवम्”, “हरि सुंदर नंद मुकुंद” और “भोले की जय” जैसे भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे पूरा सभागार भक्तिमय हो गया। इसके पश्चात डॉ. रश्मि मिश्रा ने ‘आर्ट ऑफ लिविंग’ के माध्यम से तनावमुक्त और आनंदमयी जीवन जीने की कला पर प्रेरणादायी व्याख्यान दिया।
गणमान्य जनों की उपस्थिति
इस गरिमामय अवसर पर अंशुल गुप्ता, पूजा मित्तल, बबीता गर्ग, निशी दौनेरिया, उत्सव मित्तल, समीर जैन, अखिलेश पटनागर, विमलेश मंडलास, मनीष गोयल, नविता मित्तल, श्वेता कंसल और सौरभ गोयल सहित बड़ी संख्या में परिषद के सदस्य एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

