Agra News: 8 माह पहले हुई लव मैरिज का खौफ़नाक अंत, पति ने की पत्नी की गला रेत कर हत्या, फिर खुद पहुंचा थाने

Crime

आगरा: प्रेम संबंधों में सात जन्मों का साथ निभाने का वादा करने वाले प्रेमी जोड़े ने 8 माह पहले प्रेम विवाह किया। यह प्रेम विवाह सिर्फ 8 महीने तक ही चल सका और उसका खौफनाक अंत हो गया। पति ने ही अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया। पत्नी की हत्या करने के बाद पति ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया और पूरी घटना से उन्हें अवगत कराया। पुलिस ने तुरंत युवक को हिरासत में लिया और फिर घटनास्थल पहुंची। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि एक विवाहिता का शव खून से लथपथ अवस्था में पड़ा हुआ है। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करने के बाद विवाहिता के शव को पोस्टमार्टम के लिए पोस्टमार्टम गृह भिजवा दिया है तो वहीं आरोपी से पूछताछ की जा रही है। इस घटना के बाद मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक शाहगंज की रहने वाली 20 वर्षीय नैना और प्रवीन ने आठ महीने पहले कोर्ट मैरिज की थी। दोनों के परिवारों का इसका पता चला तो उन्होंने प्रवीन और नैना का रीति रिवाज के अनुसार शादी कर दी। दोनों परिवारों ने उनके रिश्ते को स्वीकार कर लिया लेकिन दोनों की यह लव मैरिज कुछ ज्यादा दिनों तक नहीं चल सकी। नैना के घरवालों का आरोप है कि पति प्रवीन शादी के एक महीने बाद से ही मारपीट और उत्पीड़न करने लगा। बीती रात प्रवीन ने नैना की गला रेत कर हत्या कर दी।

हत्या करने के बाद खुद पहुंचा थाने

जानकारी के मुताबिक पत्नी को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी पति ने खुद को पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस के पास पहुंच कर आरोपी युवक ने पूरी घटना की जानकारी दी। हत्या की जानकारी होते ही पुलिस भी सकते में आ गई। तुरंत युवक को हिरासत में लिया पूछताछ शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ करने में जुटी है।

आए दिन होती थी लड़ाइयां

प्रवीन की शादी नवंबर 2023 में नैना के साथ हुई थी। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से पति पत्नी के रिश्ते सही नहीं थे। दोनों के बीच अक्सर लड़ाई झगड़े होते थे। देर रात पति पत्नी में किसी बात पर विवाद हुआ। नैना की मां का आरोप है कि उसके दामाद ने चाकू से गला काटकर उनकी बेटी नैना की हत्या कर दी है। पुलिस उपायुक्त आगरा शहर ने बताया कि आरोपी के खिलाफ विधि कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

मृतका की मां ने लगाए गंभीर आरोप

इस पूरे मामले को लेकर मृतका की मां ने ससुरालियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मृतका की मां का आरोप है कि पति के साथ साथ जेठ भी उसे परेशान किया करता था। जेठ की उस पर बुरी नियत थी। कई बार तो वह बेटी के साथ छेड़छाड़ भी कर चुका था जिसका बेटी ने विरोध किया था तो पति और जेठ दोनों ने मिलकर मारा था।

दहेज का मुकदमा कराया दर्ज

इस पूरी घटना के बाद मृतका की मां ने ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर दी है। उन्होंने दहेज का और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़ित की तहरीर मिलने पर पुलिस ने भी मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है तो वहीं आरोपी युवक पुलिस की हिरासत में है जिससे पूछताछ की जा रही है कि आखिर उसने यह खूनी खेल क्यों खेला।

Compiled: up18 News