Agra News: ताज महोत्सव का समापन, पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने शिल्पियों को किया सम्मानित

स्थानीय समाचार

आगरा। हस्तशिल्प और संस्कृति के कुम्भ ताज महोत्सव का गुरुवार को समापन हो गया। पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने समापन समारोह में जहां शिल्पियों को पुरस्कृत किया, वहीं यह घोषणा भी की कि पुरातत्व विभाग की अनुमति मिलते ही आगरा किले में ध्वनि एवं प्रकाश कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। यही नहीं, सरकार ताजमहल को पर्यटकों के लिए रात में खुलवाने की कोशिशें भी कर रही है।

पर्यटन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का आगरा के पर्यटन विकास को लेकर विशेष ध्यान है। इसी क्रम में पर्यटन को बढ़ाने के लिए विभिन्न योजनाओं पर काम चल रहा है। उन्होंने बताया कि बटेश्वर के विकास के लिए राज्य और केंद्र की सरकारें 200 करोड़ के काम कराने जा रही हैं। बटेश्वर के साथ ही जैन तीर्थ शौरीपुर के विकास के लिए भी प्रयास हो रहे हैं।

आई लव आगरा सेल्फी पॉइंट पर रंगारंग कार्यक्रम

ताज महोत्सव के अंतर्गत आई लव आगरा सेल्फी पॉइंट पर कार्यक्रम की शुरुआत सैंट मेरी स्कूल के छात्र-छात्राओं ने ब्रज होली समूह नृत्य से की। धीरज ने अपनी एकल नृत्य की प्रस्तुति दी। इसके बाद अशोक चौहान, सरिता उपाध्याय, डॉ. विश्व कांत गुप्ता, विजय पाठक, प्रियंका सिंह, नितेश गौड़, जितेंद्र सिंह, रंजीत सिंह, संजय कुमार, राजकुमार गुप्ता, गतिक गौतम ने अपना सुगम गायन प्रस्तुत किया।

इसके बाद स्वाति शर्मा, अग्रजा गौर, सलोनी सिंह ने अपना एकल नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद कंपोज़िट स्कूल के छात्र-छात्राओं ने अपने नाटक से सामाजिक संदेश दिया कि धूम्रपान निषेध है। नेहा गौतम ने सरस्वती वंदना का गायन किया। शाहिद ख़ान ने अपनी कविता पाठ से लोगों का दिल जीता।

नाइस बैण्ड ने लोगों को झुमा दिया। इसके निर्देशक श्री पप्पू ख़ान रहे। बैण्ड में गायक पूजा तोमर, शक्ति सिंह, दिनेश श्रीवास्तव, शिल्पी सरीन ने ये मेरा दिल प्यार का दीवाना गा कर लोगों को झुमा दिया। इसके बाद लखनऊ से की डॉ. आराधना सिंह ने अपने सुगम गायन से लोगों की खूब तालियां बटोरीं।

लघु नुक्कड़ नाटक – बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का मंचन हुआ। लता शर्मा के निर्देशन में कथक की प्रस्तुति हुई जिसमें उन्होंने बिरजू महाराज की ठुमरी पर नृत्य प्रस्तुत किया।

मथुरा के हेमंत शर्मा ने मिमिक्री से लोगों को खूब गुदगुदाया। लखनऊ से आये सूफी समूह नृत्य ने लोगों को भगवान से जोड़ दिया। सुरेश कुशवाह और जया सिंह और इनके सह गायक साहिल ने भोजपुरी लोक गायन से लोगों को झुमा दिया। लखनऊ से पधारीं श्रीमती आयुषी शर्मा के निर्देशन में रिथम डांस अकेडमी के कलाकारों ने अपने समूह नृत्य से लोगों को प्रभावित किया।