Agra News: इरादतनगर हत्याकांड में वांछित आरोपी सनी उर्फ कालीचरन गिरफ्तार

Crime

आगरा। इरादतनगर थाना क्षेत्र में हुए युवक हत्याकांड के मामले में पुलिस ने एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की तलाश घटना के बाद से की जा रही थी।

पुलिस के मुताबिक, वादी संजय ने 6 फरवरी को थाने में तहरीर दी थी कि उसका भाई दीपक उर्फ दीपू पुत्र जगन 3 फरवरी को एक बरात में गया था। आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में उसके साथ मारपीट हुई और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई।

तहरीर के आधार पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही थी।

इसी क्रम में चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने सनी उर्फ कालीचरन उर्फ कल्लू निवासी गांव गंगरौआ को बीकापुर पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। वह इस मामले में वांछित चल रहा था।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।