Agra News: अचानक पानी से निकलकर अजगर निगल गया बकरी को, लोग दहशत में

स्थानीय समाचार

आगरा। खेरागढ़ तहसील में खारी नदी के किनारे एक बकरी को अजगर ने निगल लिया। पशु पालक के अनुसार अचानक पानी से निकलकर अजगर झपट्टा मार कर बकरी को ले गया। उसने शोर मचाया तो आसपास से लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। वाकया सुनकर लोग दहशत में आ गए। ग्रामीणों ने दूर से पानी के अंदर डली लताओं के पास अजगर को देखा और उसका झाड़ियों के बाहर से वीडियो बना लिया।

मामला शुक्रवार शाम करीब पांच बजे के थाना इरादत नगर में स्थित खारी नदी के पुल के पास का है। कस्बा निवासी रहमुद्दीन की पुत्री अपनी दादी बशीरन के साथ खारी नदी पुल के पास नदी किनारे अपनी बकरियों को चरा रही थी। अचानक पानी से करीब 14-15 फीट लंबा अजगर निकला और झपट्टा मार कर एक बकरी को ले गया। उसे निगलते हुए पानी के अंदर झाड़ियों में छिप गया। लोगों ने इस दौरान उसका वीडियो बना लिया। देखते ही देखते अजगर नदी के पानी में गायब हो गया। ग्रामीणों ने अजगर को खोजने की कोशिश की, लेकिन पता नहीं चला।