Agra News: सामूहिक एकादशी उद्यापन के लिए श्री बांके बिहारी सत्संग समिति ने कसी कमर; पोस्टर विमोचन के साथ तैयारियों का शंखनाद

विविध

आगरा। सनातन धर्म की समृद्ध परंपराओं के संरक्षण और सामाजिक सहभागिता के संकल्प के साथ श्री बांके बिहारी सत्संग समिति (रजि.) अपने 23वें सामूहिक एकादशी उद्यापन के लिए पूरी तरह तैयार है। रविवार को समिति भवन पर आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान आगामी दो दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान के पोस्टर का भव्य विमोचन किया गया। यह आयोजन आगामी 27 और 28 अप्रैल 2026 को कमला नगर स्थित महाराजा अग्रसेन सेवा सदन में संपन्न होगा।

​12 वर्षों से सेवा का संकल्प: नीरज अग्रवाल

समिति के अध्यक्ष नीरज अग्रवाल ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों से संस्था लगातार ऐसे आयोजनों के माध्यम से समाज को जोड़ने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि सामूहिक उद्यापन का मुख्य उद्देश्य उन श्रद्धालुओं को एक सुव्यवस्थित मंच प्रदान करना है, जो किन्हीं कारणों से अपने घरों पर यह अनुष्ठान नहीं कर पाते। संरक्षक रूपकिशोर बंसल और महामंत्री प्रदीप मित्तल ने श्री बांके बिहारी जी के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम की सफलता की कामना की।

दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रमों की रूपरेखा

कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल और मुख्य संयोजक दीपेश अग्रवाल ने कार्यक्रम का विस्तृत विवरण साझा किया उन्होंने बताया ​पहले दिन (27 अप्रैल) को सुप्रसिद्ध भगवताचार्य श्री सुभाषचंद्र शास्त्री द्वारा एकादशी व्रत की महिमा का वर्णन किया जाएगा। इसके उपरांत 56 ब्राह्मणों का भव्य आतिथ्य, पूजन और भोजन प्रसादी का आयोजन होगा।

28 अप्रैल को कार्यक्रम के दूसरे दिन सुंदरकांड पाठ, व्यास पूजन, ब्रह्म भोज और अतिथि भोज के साथ अनुष्ठान का विधिवत समापन किया जाएगा।

​नई टीम को सौंपी गई जिम्मेदारी

महामंत्री प्रदीप मित्तल ने बताया कि इस वर्ष आयोजन को भव्य और अनुशासित बनाने के लिए दीपेश अग्रवाल को मुख्य संयोजक नियुक्त किया गया है। उनके साथ बनवारीलाल अग्रवाल, अशोक बाबू गुप्ता और सुशील कुमार सिंह संयोजक के रूप में कार्य करेंगे। प्रचार-प्रसार की कमान रूपेश अग्रवाल और अंकित अग्रवाल (मीडिया प्रभारी) को सौंपी गई है।

​पंजीकरण प्रक्रिया जारी

समिति ने सूचित किया है कि जो भी श्रद्धालु (जजमान) इस सामूहिक अनुष्ठान में शामिल होना चाहते हैं, वे प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे के बीच समिति भवन पर संपर्क कर अपना पंजीकरण करा सकते हैं।

इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति

इस अवसर पर उपाध्यक्ष कुसुम बंसल, राजकुमार अग्रवाल, राकेश कुमार सिंघल, विकास बंसल (लड्डू भाई), अशोक अग्रवाल, अजय अग्रवाल, सुमन शर्मा, प्रीति सिंह, संदीप मित्तल और गौरव बिंदल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।