Agra News: एत्मादपुर हाईवे पर कार में मिले चावल व्यापारी के शव को लेकर पुलिस परेशान, मामला हत्या और आत्महत्या के बीच उलझा

Crime

कोई अपना गला खुद कैसे काट सकता है, चावल व्यापारी के शव को लेकर पुलिस परेशान

आगरा: मोतीगंज के गल्ला व्यापारी मनु अग्रवाल का मंगलवार की रात एत्मादपुर हाईवे बुढ़िया के ताल पर कार में गर्दन कटा शव मिलने के बाद पुलिस गहन जांच में जुटी हुई है।

मृतक की हाथ की नस कटी हुई थी। एक हाथ में रक्तरंजित चाकू लगा था। कार में तेज आवाज में डेक बज रहा था। परिवारीजनों ने गल्ला व्यापारी की बीमारी के चलते अवसाद में होने बताया है।

सीताराम कालोनी बल्केश्वर के रहने वाले 40 वर्षीय मनु अग्रवाल का चावल का थोक का काम था। उनकी मोतीगंज छत्ता में कृष्णा ट्रेडर्स के नाम से फर्म है। वह शाम करीब सात बजे अपनी क्रेटा कार से दुकान से निकले थे। रात नौ बजे पुलिस की गाड़ी हाईवे पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान हाईवे किनारे खड़ी कार पर उसकी नजर गई। गाड़ी स्टार्ट थी, एसी चल रहा था। तेज आवाज में स्टीरियो बज रहा था। इससे पुलिस को शक हुआ, वह कार के पास गई ताे देखा कि मनु अग्रवाल की गर्दन और एक हाथ की नस कटी हुई है। उनका शव खून से लथपथ था। मनु के बाएं हाथ में चाकू लगा हुआ था।

सूचना पर मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने बताया कि बीमारी की वजह से मनु अवसाद में थे और दवा भी नहीं खा रहे थे। चाकू उनके हाथ में लगा हुआ था। इससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मनु अग्रवाल ने आत्महत्या की है। हालांकि पुलिस को मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला। इससे मामला हत्या और आत्महत्या के बीच उलझ गया है। कोई अपना गला कैसे काट सकता है, पुलिस को यह सवाल भी परेशान कर रहा है। एक आशंका यह भी जताई जा रही है कि कोई उन्हें अपने साथ लेकर आया हो। हत्या करने के बाद वहां से भाग गया हो। पुलिस सभी तथ्याें को ध्यान में रखते हुए छानबीन कर रही है।

मनु के परिवार में उनकी पत्नी प्रीति अग्रवाल और दो बेटी और एक बेटा है। बेटा तीन वर्ष का है। परिवारीजनों ने बताया कि मनु अग्रवाल पौने सात बजे तक मोतीगंज में अपनी दुकान पर बैठे थे। वहां से कार लेकर रोज की तरह मनकामेश्वर मंदिर गए थे। उनके साथ एक परिचित भी था। मनु ने परिचित को मंदिर में दर्शन के बाद भेज दिया, कहा कि वह चले जाएंगे। उनका व्यवहार सामान्य था।

अपर पुलिस आयुक्त केशव चौधरी का कहना है कि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

Compiled: up18 News