Agra News: पुलिस का दावा – चावल व्यापारी ने की थी आत्महत्या, गूगल पर सर्च किया गला काटने में कितना दर्द होता है!

Crime

आगरा: एत्मादपुर में बुढ़िया के ताल पर कार में चावल व्यापारी का गला कटा शव मिलने को लेकर पुलिस का दावा है कि व्यापारी ने आत्महत्या की थी। वह अपनी बीमारी के चलते दर्द से परेशान था। सुसाइड से एक घंटा पहले ही उसने चाकू खरीदा था। उसने गूगल पर सर्च भी किया था कि गला काटने पर कितना दर्द होता है। पुलिस ने व्यापारी के चाकू खरीदने का सीसीटीवी और उसकी मोबाइल की सर्च हिस्ट्री से केस का खुलासा किया।

गौरतलब है कि विगत 12 सितंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे एत्मादपुर हाईवे पर सफेद रंग की क्रेटा कार में बल्केश्वर निवासी चावल व्यापारी मनु अग्रवाल का शव मिला था। मनु के गर्दन पर चाकू के कट का निशान था और एक हाथ में खून से सना चाकू था। पुलिस इस हत्या और आत्महत्या दोनों एंगल से जांच कर रही थी।

डीसीपी पश्चिम सोनम कुमार ने बताया कि घरवालों ने बताया था कि मनु अग्रवाल लंबे समय से अवसाद में थे। उन्हें बीमारी थी, जिसका इलाज चल रहा था। ऐसे में आत्महत्या की संभावना ज्यादा लग रही थी। पुलिस ने उनकी दुकान से लेकर घटना स्थल तक के करीब 200 सीसीटीवी चेक किए। इसमें उन्हें कमला नगर के चांदनी चौक पर एक बर्तन की दुकान का सीसीटीवी मिला। सीसीटीवी में दिख रहा है कि मनु ने रात साढ़े सात बजे दुकान से चाकू खरीदा। पुलिस ने दुकान संचालक से भी पूछताछ की। सीसीटीवी से पता चला कि वह कार में अकेला ही था। वह चाकू लेकर कार से एत्मादपुर पहुंचे। वहां पर उसने चाकू से अपना गला काट लिया।

डीसीपी ने बताया कि मनु अग्रवाल के मोबाइल की सर्च हिस्ट्री को खंगाला गया। इसमें पता चला कि मनु ने सुसाइड से पहले गूगल पर सर्च किया था कि गला काटने पर कितना दर्द होता है। पूरा सर्च और जानने के बाद ही उसने गला काटा। डीसीपी ने बताया कि मनु को एक बीमारी थी। इस बीमारी में उसे बहुत ही असहनीय दर्द होता था। उसकी दवाई भी चल रही थी। वह अक्सर अपने दोस्तों और घरवालों से कहता था कि उसे दर्द से मुक्ति चाहिए। घर वाले भी उसको लेकर परेशान रहते थे।

परिजनों ने पुलिस को बताया था कि करीब एक साल से मनु को बीमारी के बारे में पता चला था। तब से वह अवसाद में था। उस समय उसका वजन करीब 80 किला था, लेकिन टेंशन के चलते एक साल में उसका वजन घटकर 55 किलो तक आ गया था।