Agra News: सावन के पहले सोमवार को शिव मंदिरों में उमड़ा आस्था औऱ भक्ति का जन सैलाब, हर हर महादेव के जयघोष से गूंजी ताजनगरी

स्थानीय समाचार

आगरा: आज पवित्र श्रावण मास का पहला सोमवार है। सावन का सोमवार भगवान शिव की उपासना का सर्वश्रेष्ठ समय माना गया है। इस मास में प्रत्येक सोमवार शिव भक्तों के लिए विशेष फलदायक होता है। सावन के सोमवार को भक्त भगवान शिव को जल, दूध और बेलपत्र अर्पित करते हैं। आगरा में आज श्रद्धालु सुबह से ही पूरी श्रद्धा, भक्ति और निष्ठा से शिवभक्ति में लीन हैं।

श्रावण मास के पहले सोमवार को आस्था और भक्ति की अविरल धारा ने शिवालयों को आलोकित कर दिया। मध्यरात्रि से ही हजारों शिवभक्त कांवड़ लेकर और पारंपरिक वेश में हाथों में जल कलश लिए भोलेनाथ के दर्शन-पूजन को उमड़ पड़े। शहर के प्रमुख मंदिरों से लेकर मोहल्लों तक और ग्रामीण क्षेत्रों में शिवालयों पर ‘हर हर महादेव’ के जयकारों की गूंज रही। भक्तगण भगवान शिव के जलाभिषेक, रुद्राभिषेक और दुग्धाभिषेक में लीन रहे।

आगरा के प्राचीन राजेश्वर महादेव मंदिर में रविवार रात 12:05 बजे शिवलिंग के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। इसके साथ ही मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। रात से ही श्रद्धालु कतारबद्ध होकर जलाभिषेक के लिए मंदिर पहुंचने लगे थे। आज दिनभर मंदिर में जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक, पंचामृत स्नान और रुद्राभिषेक जैसे धार्मिक अनुष्ठान चलते रहे। मंदिर में विशेष श्रृंगार दर्शन के साथ संध्या आरती का भी भव्य आयोजन होगा।

राजेश्वर महादेव मंदिर परिसर में सावन सोमवार के अवसर पर लगे मेले का उद्घाटन केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने रविवार रात भगवान शिव का 21 लीटर दूध से पंचामृत अभिषेक कर किया। मेले में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। भक्त ‘बम बम भोले’ के जयघोष के साथ शिवलिंग का दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।

आगरा शहर के अन्य प्रमुख शिवालयों कैलाश मंदिर, बल्केश्वर मंदिर, पृथ्वीनाथ, रावली महादेव और मनकामेश्वर मंदिर में भी सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें देखी गईं। लोग अपने-अपने परिवारों के साथ भगवान शिव के दर्शन-पूजन के लिए उमड़े और पूरे भक्तिभाव से पूजा-अर्चना की। मंदिरों में बेलपत्र, धतूरा, दूध, फूल और प्रसाद की दुकानों पर रौनक रही।

श्रद्धालुओं की भीड़ को व्यवस्थित रूप देने के लिए प्रशासन ने शहर के प्रमुख मंदिरों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की थी। रात से ही पुलिस बल तैनात किया गया था। राजपुर चुंगी से राजेश्वर मंदिर मार्ग तक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित किया गया और श्रद्धालु पैदल ही मंदिर पहुंचे। जाम से बचाव के लिए रूट डायवर्ट किया गया, जिससे दर्शनार्थियों को राहत मिली।

बटेश्वर धाम में शिवभक्ति का महासंगम, यमुना घाटों पर जुटे श्रद्धालु

आगरा जनपद के तीर्थ धाम बटेश्वर में भी सावन के पहले सोमवार को भक्तिभाव का अनुपम दृश्य देखने को मिला। रविवार शाम से ही हजारों श्रद्धालुओं ने यहां डेरा डाल दिया था। मध्यरात्रि में पूजा-अर्चना का शुभारंभ होते ही यमुना तट के शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।

कासगंज जिले के सोरों घाट से गंगाजल भरकर निकले कांवड़िए तीर्थ बटेश्वर में जलाभिषेक के लिए पहुंचे। कांवड़ यात्रा के क्रम में हजारों शिवभक्तों ने यमुना में स्नान कर पुण्य प्राप्त किया और फिर यमुना किनारे स्थित मंदिरों में जल चढ़ाकर भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया।

बटेश्वर के मुख्य मंदिर परिसर से लेकर यमुना घाटों तक पुलिस फोर्स की विशेष तैनाती रही। स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षा के सभी इंतजाम किए। मंदिर प्रांगण में रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन और शिव महिमा का गुणगान करते हुए श्रद्धालु अपने आराध्य शिवशंकर में लीन दिखे।