आगरा। संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प के साथ कांग्रेस पार्टी 31 जनवरी को किरावली ग्राउंड में संविधान संवाद रैली आयोजित करने जा रही है। रैली को लेकर संगठन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कांग्रेस का दावा है कि कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोग शामिल होंगे और फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में यह एक बड़ा शक्ति प्रदर्शन होगा।
रैली की तैयारियों को लेकर शनिवार को एस.डी. लवानिया फार्म हाउस, ककुआ में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने जिला और ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। बैठक में रैली की रूपरेखा, जनसंपर्क अभियान और जिम्मेदारियों का बंटवारा किया गया।
राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी का दावा
राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने बताया कि संविधान संवाद रैली में कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी अविनाश पांडे, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय सहित 7 से 8 लोकसभा सांसद शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान तेज किया गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि ग्रामीण इलाकों से बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टरों के साथ रैली स्थल तक पहुंचेंगे, जिससे रैली का प्रभाव और व्यापक होगा।
17 लोकसभा सीटों पर हो रही हैं रैलियां
तौकीर आलम ने बताया कि कांग्रेस पार्टी उत्तर प्रदेश में 17 लोकसभा सीटों पर संविधान संवाद रैली कर रही है। इसी क्रम में फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र के लिए किरावली में यह आयोजन तय किया गया है।
वरुण गांधी को कांग्रेस में लाने की मांग
बैठक के दौरान राजीव गांधी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमाशंकर शर्मा एडवोकेट ने राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम को एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आग्रह किया कि यह ज्ञापन राहुल गांधी तक जरूर पहुंचाया जाए।
ज्ञापन में रमाशंकर शर्मा ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में यदि वरुण गांधी को कांग्रेस में शामिल किया जाता है, तो राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और वरुण गांधी की तिकड़ी भाजपा के दुष्प्रचार का जवाब देकर कांग्रेस को मजबूती दे सकती है।
इस पर राष्ट्रीय सचिव तौकीर आलम ने आश्वासन दिया कि ज्ञापन राहुल गांधी तक पहुंचाया जाएगा।
बैठक में रहे ये प्रमुख लोग
बैठक में रामनाथ सिंह सिकरवार, अमित सिंह, रमाशंकर शर्मा एडवोकेट, ओमवीर यादव, अरुण शर्मा, कमलेश मिश्रा, याकूब शेख, पवन शर्मा, मुकेश डागुर, रेखा रानी, धर्मवीर शर्मा, सत्येंद्र दुबे, अशोक चौधरी, अमीचंद जाटव, लाखन त्यागी, हेमंत चाहर, जगपाल चाहर, अनिल सिकरवार, जगदीश लवानियां, प्रकाश चंद्र शर्मा, जितेंद्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

