Agra News: सावन की मल्हारों पर झूमा नवज्योति का आंगन, बॉलीवुड थीम में बिखरे संस्कृति और संस्कारों के रंग

विविध

आगरा। भारत विकास परिषद नवज्योति शाखा द्वारा द रमाना ग्रांड में सावन की मल्हारों के बीच भव्य सावन उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सावन के पारंपरिक झूलों के साथ बॉलीवुड थीम का आकर्षक संगम देखने को मिला। गीत-संगीत, नृत्य और उल्लास से सजे आयोजन में संस्कृति एवं संस्कारों को संजोने का संदेश दिया गया। मातृशक्ति ने पारंपरिक सावन की उमंग को आधुनिक बॉलीवुड अंदाज के साथ प्रस्तुत कर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एडवोकेट वसंत गुप्ता, राष्ट्रीय अधिकारी भारत विकास परिषद, संस्थापक सतीश अग्रवाल ‘गुड्डन भाई’, प्रदीप अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, डॉ. अमित सिंघल एवं गौरव बंसल ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद गणेश वंदना से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ।

कार्यक्रम स्थल पर सावन के पारंपरिक झूलों की विशेष व्यवस्था की गई थी। महिलाओं ने झूलों का आनंद लेते हुए सावन की मल्हारों और लोक परंपराओं को जीवंत किया। वहीं बॉलीवुड थीम पर आधारित प्रस्तुतियों ने आयोजन में आधुनिकता का रंग भर दिया। पूरे परिसर में गीत-संगीत, हंसी-ठिठोली और उत्साह का माहौल रहा।

शाखा अध्यक्ष सीए दीपिका मित्तल एवं सचिव नितिन अग्रवाल ने कहा कि सावन भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा उल्लास का पर्व है। ऐसे आयोजनों का उद्देश्य मनोरंजन के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, संस्कार और पारंपरिक पर्वों से जोड़ना है।

कोषाध्यक्ष अंकुर अग्रवाल एवं महिला सहभागिता मंजू गुप्ता ने कहा कि सावन उत्सव महिलाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और एक-दूसरे के साथ आत्मीयता से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है। परंपरा और आधुनिकता के सुंदर समन्वय के साथ आयोजित यह कार्यक्रम सभी के लिए आनंद और उत्साह का अवसर बना।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों में ऋषिता सिंघल ने गणेश वंदना की प्रस्तुति देकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया। इसके बाद श्वेता, नीतिका, शिवानी, रोमा, निधि, शिल्पी, रिचा, शिखा, मलिका एवं अंशिका ने सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं। नवीन और दीया की युगल नृत्य प्रस्तुति ने भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया।

इसके अलावा निधि, मंजू, रौनक, अनुपमा, कल्पना, शिल्पी, पारुल, हर्षिता, तन्वी, खुशबू एवं अविका की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सावन उत्सव में चार चांद लगा दिए। प्रतिभागियों ने विभिन्न गीतों पर अपनी प्रस्तुतियों से सावन की मस्ती, उमंग और उल्लास को जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम में शाखा उपाध्यक्ष संजय गुप्ता, एडवोकेट अनुराग भटनागर, मोहित अग्रवाल, नीरज जैन एवं शेखर अग्रवाल सहित सीमा गोयल, शशि अग्रवाल, नीलू जैन, नीता अग्रवाल, डॉ. जूही सिंघल, निधि बंसल, निधि अग्रवाल, डॉ. कल्पना अग्रवाल, रौनक गुप्ता, सोनिया अग्रवाल, शिल्पी अग्रवाल, सोनल भटनागर आदि उपस्थित रहे।