Agra News: नाई की मंडी में आकाशीय बिजली गिरी, दो मंजिला मकान की छत के पत्थर टूटे, मां-बेटी घायल

स्थानीय समाचार

आगरा। शहर में शनिवार को बारिश के दौरान नाई की मंडी स्थित दो मंजिला मकान पर आकाशीय बिजली गिर गई। छत के पत्थर टूटकर गिरने में घर में मां-बेटी घायल हो गए। बिजली गिरने की आवाज इतनी तेज हुई कि इलाके में दहशत फैल गई।

नाई की मंडी के कटरा इतवारी में रहने वाले वसीम के घर पर यह हादसा हुआ। घर में सब लोग अनहोनी से बेखबर थे। बादलों की गड़गड़ाहट के साथ मकान के दूसरी मंजिल पर अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। तेज आवाज के साथ गिरी बिजली ने कानों को सुन्न कर दिया। घर में चीख-पुकार मच गई। इसी बीच छत के कुछ पत्थर टूटकर धड़ाम से नीचे गिर पड़े।

घर के अंदर पत्थर मां और बेटी हिना और जैनब के ऊपर गिरे। जिससे दोनों घायल हो गईं।

आकाशीय बिजली गिरने पर घर के विद्युत मीटर और एसी में भी आग लग गई। पीड़िता हिना ने बताया कि बिजली गिरने से उनके घर में डेढ़ से दो लाख रुपये का नुकसान हो गया। गनीमत रही कि बच्चे सकुशल हैं। छत का पत्थर टूटने के बाद कमरे में टुकड़ों में बिखर गया। छत खराब हो गई। फिलहाल ऊपर की मंजिल अब रहने लायक नहीं रही है। आकाशीय बिजली गिरने से मकान की दीवारों में दरार आ गई है। आसपास के लोग भी डरे हुए थे। घटना की जानकारी होने पर पुलिस भी पहुंच गई थी।