Agra News: इस साल सात दिन का होगा जनकपुरी महोत्सव, देवोत्थान एकादशी पर 101 निर्धन कन्याओं का विवाह भी

विविध

ब्रजमोहन तापड़िया स्वागताध्यक्ष, तेरह नए उपाध्यक्ष, तीन मंत्री बनाए गए

आगरा। इस साल संजय प्लेस में सजने जा रही जनकपुरी का महोत्सव सात दिन का होगा। यह महोत्सव आठ अक्टूबर से शुरू होकर 14 अक्टूबर तक चलेगा। महोत्सव के लिए आयोजन समिति का विस्तार कर दिया गया है। स्वागताध्यक्ष ब्रजमोहन तापड़िया को बनाया गया है। तेरह नए उपाध्यक्ष बनाए गए हैं, इसके साथ ही उपाध्यक्षों की संख्या 16 हो गई है। इसके अलावा तीन मंत्री भी बनाए गए हैं। संरक्षक मंडल में भी तीन लोगों को शामिल किया गया है।

यह जानकारी आज एक प्रेस वार्ता में जनकपुरी महोत्सव समिति के पदाधिकारियों ने दी। अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने बताया कि सात दिन के महोत्सव के पहले दिन जनकपुरी में गणेशजी की शोभायात्रा निकाली जायेगी।

अगले दिन राजा जनक पीएल शर्मा की जनकपुरी वासियों को निमंत्रण की शोभायात्रा निकाली जाएगी। दस अक्टूबर को सीताजी का डोला निकलेगा, वे जनकपुरी भ्रमण करते हुए गौरा पूजन को जाएंगी। ग्यारह अक्टूबर को सुबह राम बारात की अगवानी होगी और रात में सभी स्वरूप जनकमहल पर विराजमान होंगे। बारह अक्टूबर को भी जनकमहल पर सभी स्वरूप दर्शन देंगे। तेरह अक्टूबर को जनकमहल से सीताजी की विदाई की रस्म पूरी होगी और इसके बाद 14 अक्टूबर को जनक महल पर ही महोत्सव के सहयोगियों का सम्मान समारोह होगा।

पूरे शहर में निकलेगी आमंत्रण यात्रा

अध्यक्ष मुरारी प्रसाद अग्रवाल ने कहा कि महोत्सव शुरू होने से दो या तीन पूर्व पूरे शहर के प्रमुख मार्गों पर आमंत्रण यात्रा भी निकाली जाएगी और शहरवासियों को महोत्सव के लिए आमंत्रित किया जायेगा।

जनकपुरी में चार सिंहद्वार बनाए जायेंगे, इसके अलावा दर्जनों स्वागत द्वार भी होंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि संजय प्लेस में अवांछनीय गतिविधियों को रोकने के लिए हवन-पूजन कर प्रभु से प्रार्थना की जायेगी।

एचआईजी फ्लैट्स में गौरा पूजन, नारायण टावर में फेरे

राजा जनक पीएल शर्मा ने बताया कि दस अक्टूबर को सीताजी जनकपुरी भ्रमण के बाद संजय प्लेस के सामने एच आई जी फ्लैट्स कालोनी में बने मंदिर में गौरा पूजन करने जायेंगी। ग्यारह अक्टूबर की दोपहर राम-सीता विवाह के प्रतीक स्वरूप तुलसी और शालिग्राम के फेरे की रस्म संजय प्लेस पुलिस चौकी के नजदीक नारायण टावर के मंदिर में पूरी की जायेगी।

ये बनाए गए नए पदाधिकारी

वरिष्ठ महामंत्री अनिल वर्मा ने बताया कि आज रंजीत सामा, के एन अग्निहोत्री, विनय मित्तल, अनिल रावत, आर एस सेंगर, आर एम सिंघल, जितेंद्र गर्ग, सत्यपाल अरोरा, अम्बा प्रसाद गर्ग, आलोक अग्रवाल, तपन अग्रवाल, रोहित चतुर्वेदी और नवीन अरोरा को उपाध्यक्ष बनाया गया। अशोक अरोड़ा, बृजेंद्र सिंह बघेल व गजेंद्र शर्मा पहले से उपाध्यक्ष हैं। इसके अलावा अशोक जैन, विभु सिंघल, नितिन जौहरी को मंत्री बनाया गया है। संरक्षक मंडल में पी के अरोरा, जी पी अग्रवाल व अजय अग्रवाल को शामिल किया गया है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही कुछ और पदाधिकारी भी बनाए जायेंगे।

नो होर्डिंग जोन” होगी इस बार जनकपुरी

महामंत्री हीरेन अग्रवाल ने बताया कि इस बार जनकपुरी को “नो होर्डिंग जोन” के रूप में तैयार किया जायेगा। पूरे जनकपुरी परिसर में कोई होर्डिंग नहीं लगाये जाएंगे। जनकपुरी से संबंधित जितने भी कार्य लंबित हैं, उनकी सूची पर काम हो रहा है। शीघ्र ही संजय प्लेस क्षेत्र नए कलेवर के साथ सुंदर नजर आएगा।

अज्जू भाई को जनक महल का जिम्मा

उपाध्यक्ष बृजेन्द्र सिंह बघेल ने कहा कि मंच को भव्य बनाने पर जोर दिया जा रहा है। जनकमहल के निर्माण का जिम्मा पुरुषोत्तम टैंट हाउस के अजय अग्रवाल अज्जू भाई को सौंपा गया है। सजावट, सफाई, यातायात, साज-सज्जा आदि पर काम किया जा रहा है। सभी कार्य समय की सीमा में पूरे कर लिए जाएंगे।

देवोत्थान एकादशी पर 101 निर्धन कन्याओं का विवाह भी

उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी गजेंद्र शर्मा ने बताया कि महोत्सव के बाद देवोत्थान एकादशी पर जनकपुरी समिति द्वारा 101 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह भी आयोजित किया जाएगा। इसके लिए राजा जनक पीएल शर्मा व अन्य पदाधिकारियों ने संकल्प ले लिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लाने के प्रयास

उपाध्यक्ष के एन अग्निहोत्री ने कहा कि महोत्सव के लिए सभी व्यापारियों का सहयोग मिल रहा है। महोत्सव के दिनों में यातायात व्यवस्था बनाए रखने की योजना पर काम हो रहा है। जनक महल के कारण प्रभावित होने वाली कुछ दुकानों को अस्थाई रूप से स्थानांतरित किए जाने का भी विचार है। उन्होंने कहा कि महोत्सव के दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुख्य अतिथि के रूप में बुलाए जाने के प्रयास जारी हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों को दिया जा रहा अंतिम रूप

कोषाध्यक्ष राजेश कुमार अग्रवाल राजू ने बताया कि महोत्सव के दौरान होने वाले कार्यक्रमों को मूर्त रूप देना शुरू कर दिया गया है। भजन संध्या और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए शहर के अलावा दूसरे शहरों से भी बड़े कलाकारों को बुलाने की योजना है।

जनकपुरी समिति ने किया राष्ट्र गान

चंद्रयान-3 की सफलता को लेकर जनकपुरी महोत्सव समिति ने आज भारत मां की जय के नारे लगाए और मीडियाकर्मियों के साथ सामूहिक राष्ट्रगान भी किया।