आगरा: फतेहाबाद मार्ग पर स्थित होटल रतनदीप के मालिक का बेटा आज यमुना डूब गया। वह दोस्त के साथ बटेश्वर तीर्थधाम गया था। दोस्त के काफी मना करने पर वह यमुना में गहराई की तरफ तैरता चला गया। उसे बचाने के लिए दोस्त भी आगे बढ़ा और वह भी डूबने लगा तो स्थानीय लोगों किसी तरह उसे बचा लिया लेकिन होटल मालिक का बेटा लापता है। पीएसी के गोताखोर डूबे हुए युवक की तलाश में जुटे हैं।
आगरा होटल रतनदीप के मालिक राजेश गायत्री का 28 वर्षीय बेटा दुष्यन्त अपने दोस्त रौनक सलूजा (29 वर्ष) के साथ बटेश्वर गया था। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह पांच बजे दोनों युवक यहां आ गए थे। दोनों ने सुबह अपनी थार गाड़ी यमुना के किनारे खड़ी कर दी थी और बटेश्वर में राजेश्वरी घाट पर स्नान करने के लिए कूद गये। कुछ देर तक नहाते रहे। बाद में एक युवक डूब गया और दूसरे को किसी तरह बाहर निकाल लिया गया।
यमुना से जान बचाकर किसी तरह बाहर निकले दुष्यंत के दोस्त रौनक ने बताया कि वह दोनों पहले घाट पर स्नान करते रहे। दुष्यंत ने उससे कहा कि चलो यमुना को पार करते हैं और फिर लौटकर आते हैं। इस पर रौनक ने उसे रोका और कहा कि उधर नहीं जाएंगे, वहां पानी अधिक है। यह कहने के बाद रौनक ने पानी में डुबकी लगाई इसी बीच दुष्यंत तेजी तैरता हुआ यमुना में गहराई की तरफ बढ़ गया। रौनक ने डुबकी लगाने के बाद जैसे ही दुष्यंत को गहराई की ओर जाते देखा तो आवाज लगाकर लौट आने को कहा। दुष्यंत नहीं माना और कुछ पल में वह यमुना की धारा के साथ बहता नजर आया। इस पर रौनक ने उसका पीछा कर उसे बचाने की कोशिश की तो आगे जाकर रौनक के हाथ-पैर भी जवाब दे गए और वह डूबने लगे। रौनक ने यमुना नदी में बहते एक बबूल जड़ पकड़ ली। आसपास के लोग आवाज लगाकर उससे कहते रहे हाथ-पैर चलाते रहो और किनारे की तरफ आओ। इसी बीच आसपास के लोगों ने उसे आगे बढ़ते हुए हाथ पकड़ कर खींच लिया और उसकी जान बचा ली। उधर देखते ही देखते दुश्यंत रौनकी की आंखों के आगे ही यमुना में डूब गया।
रौनक ने बाहर निकल कर अपने दोस्त के बचाने के लिए मदद मांगी। स्थानीय गोताखोरों ने दुष्यंत को तलाशने की काफी कोशिश की लेकिन कहीं अता-पता नहीं चला।
पीएसी के गोताखोर भी स्टीमर से यमुना में दुष्यंत की तलाश में जुटे हैं लेकिन अभी दुष्यंत का पता नहीं चल सका है। लोगों का अनुमान है कि वह दुष्यंत गहरे पानी में डूबा है। चौकी प्रभारी बटेश्वर भी पुलिस के साथ उसकी तलाश करा रहे हैं। दुष्यंत के डूबने की सूचना पर परिवारीजन भी बटेश्वर पहुंच गए। दुष्यंत के पिता का आगरा के फतेहाबाद रोड पर रतन दीप नाम से होटल है। रौनक सलूजा सदर बाजार में रहता है।