आगरा। आगरा-बाह मार्ग पर एक बार फिर तेज रफ्तार ने बड़ा हादसा करा दिया। बसई अरेला थाना क्षेत्र में अरनोटा पेट्रोल पंप के पास एक कैंटर और ईको कार की भिड़ंत में आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि बाह की तरफ से आ रहा कैंटर काफी तेज गति में था। पेट्रोल पंप के पास चालक ने नियंत्रण खो दिया और सामने से आ रही ईको कार से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि ईको कार का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया और अंदर बैठे लोग घायल हो गए। मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में घायल लोगों में संजय, ओमवीर, रनवीर, मोहित, बॉबी, सुनील और सुभाष शामिल हैं। बॉबी, सुनील और सुभाष की हालत गंभीर होने पर उन्हें आगरा रेफर किया गया है। सभी घायल नगला भरी और बसई भदौरिया गांव के बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक इलाज के बाद तीन घायलों को हायर सेंटर भेज दिया, जबकि बाकी का इलाज जारी है।
पुलिस ने कैंटर और ईको दोनों को कब्जे में ले लिया है। कैंटर चालक से पूछताछ हो रही है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज गति आम बात है। उनका आरोप है कि न तो सख्त चेकिंग होती है और न ही स्पीड कंट्रोल के इंतज़ाम, जिसके चलते आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।
रिपोर्टर- नीरज परिहार

