Agra News: मॉल रोड़ पर पांच दिवसीय पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन, G20 डेलिगेशन भी कर सकते हैं अवलोकन

Press Release

आगरा: जी-20 समिट को लेकर आगरा शहर में फूल प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया है। यह प्रदर्शनी लगभग 5 दिनों तक चलेगी। इस बार यह प्रदर्शनी बीएसएनएल चौराहे के पास खाली पड़े मैदान पर लगाई गई है। प्रदर्शनी का शुभारंभ मंडलायुक्त अमित गुप्ता और डीएम नवनीत चहल ने किया। सभी प्रशासनिक अधिकारियों ने इस प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। यह प्रदर्शनी हर वर्ष सर्किट हाउस में लगाई जाती थी लेकिन इस बार जी-20 के चलते माल रोड पर लगाई गई है।

5 दिनों तक चलेगी प्रदर्शनी

उद्यान विभाग की ओर से यह पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन किया गया है। यह प्रदर्शनी लगभग 5 दिनों तक चलेगी। इस प्रदर्शनी में लगभग 136 प्रजातियों के फूल मौजूद हैं जिन्हें देखकर लोग उत्साहित हो रहे हैं। जिलाधिकारी नवनीत चहल ने बताया कि इसी रूट से जी-20 का डेलिगेशन भी निकलेगा। इसलिए इस प्रदर्शनी का महत्व और अधिक बढ़ जाता है। जी-20 को लेकर हॉर्टिकल्चर का भी अहम योगदान रहा है। एयरपोर्ट से लेकर फतेहाबाद मार्ग, ताजमहल और आसपास के क्षेत्र में हॉर्टिकल्चर विभाग की ओर से विभिन्न प्रकार के पौधों से रूट को पूरी तरह से सजाया है। चौराहों पर फूलों के गमले लगे हैं तो वहीं डिवाइडर पर भी विभिन्न प्रकार की प्रजातियों के फूल वाले पौधे आपको दिखाई दे जाएंगे। हॉर्टिकल्चर विभाग ने शहर को कलरफुल हरा भरा और सौंदर्य से परिपूर्ण बना दिया है।

ब्रज की संस्कृति नजर आएगी

इस पुष्प प्रदर्शनी में ब्रज की संस्कृति को विशेष तौर पर प्रदर्शित किया गया है और उसकी झलक भी दिखाई दे रही है। पुष्प प्रदर्शनी में जहां भगवान श्री कृष्ण गोवर्धन पर्वत को उठाते हुए दिखाई दे रहे हैं तो वहीं गोपियों के साथ रास लीला करते हुए भी नज़र आ रहे हैं। इसके बीच प्रदर्शनी का भ्रमण करना हर किसी की मन को मोह लेगा।

डेलिगेशन भी निहार सकता है प्रदर्शनी को

जानकारी के मुताबिक प्रशासनिक अधिकारियों ने हर स्तर से तैयारी करके रखी हुई है। अगर जी-20 सम्मेलन में भाग लेने वाले मेहमानों ने पुष्पों से संबंधित कुछ भी देखने की इच्छा जाहिर की तो उन्हें इस प्रदर्शनी का अवलोकन कराया जा सकता है।

जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल ने बताया कि पुष्प प्रदर्शनी में विश्वविद्यालय के ललित कला संस्थान के विद्यार्थियों ने वीवीआइपी रोड पर वॉल पेंटिंग की है जो कि अलौकिक दिखाई देती है। ललित कला संकाय के विद्यार्थियों ने ब्रज की संस्कृति के साथ-साथ महिला सशक्तिकरण, बाल विकास एवं भारत की विभिन्न राज्यों की संस्कृति को इसमें शामिल किया है।

इस दौरान वीवीआइपी रोड पर वॉल पेंटिंग करने वाले सभी विद्यार्थियों को पुष्प प्रदर्शनी में जिलाधिकारी और मंडलायुक्त द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।