आगरा: ताजनगरी के मोती कटरा स्थित श्री महावीर स्वामी दिगंबर जैन मंदिर में शनिवार से खुशियों और भक्ति का नया सवेरा हुआ। अवसर था 2625वें भगवान महावीर स्वामी जन्म कल्याणक महामहोत्सव एवं रथोत्सव के पांच दिवसीय आयोजन के प्रथम दिन का। आचार्यश्री चैत्य सागर महाराज ससंघ के मंगल सानिध्य में पूरा क्षेत्र ‘जय महावीर’ के उद्घोष से गुंजायमान हो उठा। 12 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद मोती कटरा की गलियों में अध्यात्म की ऐसी गंगा बही कि हर श्रद्धालु निहाल हो गया।
तोरण द्वारों और फूलों से महका ‘मोती कटरा’
महोत्सव के लिए मंदिर परिसर को दुल्हन की तरह सजाया गया है। रंग-बिरंगे फूलों, विद्युत झालरों और भव्य तोरण द्वारों ने पूरे क्षेत्र को किसी देवलोक जैसा रूप दे दिया है। आसपास की गलियों में लहराते धार्मिक ध्वज श्रद्धालुओं के उत्साह को दोगुना कर रहे हैं।
पंच परमेष्ठी विधान से गूंजे मंत्र
महोत्सव की शुरुआत शनिवार सुबह 7 बजे प्रभु के अभिषेक और नित्य नियम पूजन से हुई। इसके बाद पंडित ऋषभ जैन शास्त्री के कुशल निर्देशन में पंच परमेष्ठी विधान का आयोजन किया गया। भक्ति संगीत और मंत्रोच्चार के बीच श्रद्धालुओं ने शांतिधारा की और भगवान महावीर के ‘जियो और जीने दो’ के संदेश को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
आचार्यश्री का संदेश: “आत्मशुद्धि का महापर्व है यह महोत्सव”
अपने मंगल प्रवचन में आचार्यश्री चैत्य सागर जी महाराज ने कहा कि भगवान महावीर के सिद्धांत आज के युग में सबसे ज्यादा प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा, “यह महोत्सव केवल नाचने-गाने का उत्सव नहीं, बल्कि अपनी आत्मा को शुद्ध करने और आध्यात्मिक जागृति का सुनहरा अवसर है। मोती कटरा वासियों के लिए यह परम सौभाग्य है कि 12 साल बाद यह पावन घड़ी आई है।”
माता के 16 स्वप्न: जीवंत हुए गर्भ कल्याणक के प्रसंग
शनिवार शाम को संत निलय, जत्ती कटरा (तार की गली) में धार्मिक लघु नाटिका और झांकियों का अद्भुत मंचन हुआ। तीर्थंकर बालक की माता द्वारा देखे गए 16 स्वप्नों और गर्भ कल्याणक की क्रियाओं को कलाकारों ने इतनी सजीवता से प्रस्तुत किया कि उपस्थित जनसमूह भाव-विभोर हो उठा। रात्रि 10 बजे तक चले इस सांस्कृतिक कार्यक्रम ने सबका मन मोह लिया।
सफल संचालन और जैन समाज की एकजुटता
महोत्सव का सुव्यवस्थित संचालन महामंत्री अनंत कुमार जैन ने किया। इस दौरान अजीत प्रसाद जैन, अरुण पाटनी, राकेश जैन (पर्देवाले), मनोज जैन बल्लो, रविंद्र जैन और मीडिया प्रभारी शुभम जैन सहित महिला मंडल की सदस्य हेमलता जैन, शशि सेठी व अंतरा जैन आदि ने व्यवस्थाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
आगामी चार दिनों के कार्यक्रमों को लेकर समाज में भारी उत्साह देखा जा रहा है।

