Agra News: 11 सितंबर को कांग्रेस करेगी आगरा नगर निगम का घेराव, विशाल प्रदर्शन की बनाई रणनीति

विविध

आगरा: 11 सितंबर को शहर कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता नगर निगम के खिलाफ हल्ला बोलने जा रहे हैं। भाजपा की महापौर और निगम अधिकारियों के खिलाफ नगर निगम परिसर में जमकर प्रदर्शन किया जाएगा। इस प्रदर्शन को लेकर पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की बैठक हुई और प्रदर्शन की रणनीति तैयार की।

बैठक के दौरान शहर अध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले दिनों हुई बारिश के चलते शहर में कुछ ही देर में जल भराव हो गया। पूरा शहर तलैया बन गया तो दूसरी नगर निगम ने विभिन्न प्रकार के टैक्स की दरों को बढ़ाने का ऐलान कर दिया। समझ में नहीं आता कि नगर निगम शहर वासियों को सुविधा दे रहा है या फिर शहर वासियों को अव्यवस्थाओं का दर्द। इस समय नगर निगम की कार्यगुजारी से हर शहरवासी परेशान है। सफाई व्यवस्था के नाम पर ढाक के तीन पात की स्थिति बनी हुई है। ऐसा लग रहा है कि पूरा नगर निगम नरक निगम बन चुका है। इसीलिए शहर को भी नरक बनाने पर तुला हुआ है।

कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं का कहना था कि आगरा नगर निगम भ्रष्टाचार का बन चुका है। सफाई के नाम पर भ्रष्टाचार कूड़ा उठाने के नाम पर भ्रष्टाचार, नल की सफाई के नाम पर भ्रष्टाचार, हर योजना के तहत भ्रष्टाचार किया जा रहा है। यह सब भाजपा की महापौर के सानिध्य में हो रहा है।