Agra News: एमजी रोड के फुटपाथ पर लगी योग प्रतिमाओं को अराजक तत्वों ने तोड़ा

स्थानीय समाचार

आगरा: सेंट जोंस कॉलेज के बाहर सूर्य नमस्कार योग की मुद्राओं की प्रतिमाओं को कुछ अराजक तत्वों ने तोड़ दिया है। इन प्रतिमाओं का निर्माण नगर निगम के निर्देशन में कोलकाता के कारीगरों ने किया था।

अराजक तत्वों ने प्रतिमाओं में किसी का सिर अलग कर दिया है तो किसी का हाथ और किसी का पैर। पुलिस ने आरोपियों को तलाश कर कार्रवाई की बात भी कही है। अभी आरोपियों का पता नहीं चला है।

गौरतलब है कि बुधवार को देश-दुनिया में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस धूमधाम से मनाया गया। जिले में भी सुबह पांच बजे से ही सैकड़ों स्थान पर लाखों लोगों ने योग क्रियाओं को संपन्न किया और पूरे विश्व को स्वस्थ रहने का संदेश दिया। दूसरी तरफ शायद कुछ लोगों को स्वस्थ रहने का संदेश देने के लिए बनाई गई सूर्य नमस्कार योग की 12 प्रतिमाएं पसंद नहीं आईं, उन्हें तोड़ दिया गया।

नगर निगम आगरा द्वारा सेंट जोंस कॉलेज के बाहर मौजूद एमजी रोड के फुटपाथ पर कोलकाता के कारीगरों द्वारा करीब दो महीने की मेहनत के बाद सूर्य नमस्कार योग की 12 मुद्राओं की प्रतिमाओं का निर्माण किया था। प्रतिमाओं का अभी तक अनावरण भी नहीं हुआ था। इससे पहले ही कुछ अराजक तत्वों ने इन प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। कई प्रतिमा के सिर तोड़ दिए गए हैं और कई के हाथ व पैर तोड़े गए हैं।

आगरा नगर निगम के अधिकारियों ने इसके लिए पुलिस को भी शिकायत की है जिससे कि यह पता चल सके कि आखिर किन लोगों को इन प्रतिमा से परेशानी है। वही कारीगर प्रतिमाओं की दोबारा से मरम्मत करने में जुटे हुए हैं।