Agra News: ग्राहक बनकर ज्वैलरी शोरूम पहुँचे बंटी बबली की जोड़ी ने उड़ाई सोने की चैन, सीसीटीवी में कैद घटना

Crime

आगरा में एक बंटी बबली ने अपने हाथों का कमाल दिखा दिया। ग्राहक बनकर ज्वैलरी शोरूम पहुँचे बंटी बबली की जोड़ी कुछ ही सेकंड में सोने की चैन चुरा कर फरार हो गई। सोने की चैन की जब काउंटिंग की गई तो एक कम निकली। दोनों को पकड़ने के लिए चौकीदार भागा लेकिन तब तक दोनों फरार हो गए। सीसीटीवी चेक कराए गए तो सोने की चैन चुराते महिला कैद हो गयी थी।

पूरी घटना हरीपर्वत इलाके के एमजी रोड स्थित संजय प्लेस की है। यहां बाग फरजाना में रहने वाले मधुकर कक्कड़ का कक्कड़ ज्वेलर्स के नाम से शोरूम है। शनिवार दोपहर 2 बजे एक महिला और पुरुष शोरूम पर आए। पुरुष के एक हाथ की चार उंगुलियों में सोने की अंगूठी थी। वह अधिकारी के जैसे दिखावा कर रहा था। शोरूम संचालक और कर्मचारियों ने उन्हें अधिकारी की तरह ही ट्रीट किया।

उन्होंने आते ही सोने की बढ़िया चेन दिखाने को कहा। उन्होंने 25 से 30 चेन दिखाई। दोनों एक के बाद एक चेन देखते रहे। करीब 15 मिनट तक ये सिलसिला चलता रहा। मगर, उन्हें कोई चेन पसंद नहीं आई। अचानक बोले- हम ओल्ड गोल्ड लाते हैं, फिर तेजी से निकल गए। शोरूम संचालक के अनुसार, चेन देखते-देखते दोनों अचानक उठे। उन्होंने कहा कि वो पुराना गोल्ड लेकर आ रहे हैं। फिर तेजी से शोरूम से निकल गए। इस पर उन्हें शक हो गया। उन्होंने स्टॉफ से चेन की काउंटिंग कराई तो एक चेन कम निकली। उन्होंने चौकीदार को दोनों को बुलाने के लिए दौड़ाया, लेकिन दोनों नहीं मिले।

सीसीटीवी में कैद हुई चोरी की घटना

शोरूम मालिक ने तुरंत सीसीटीवी चेक कराए तो दोनों बंटी बबली सोने की चैन देखते हुए नजर आए। अचानक से महिला ने सोने की चैन चुरा ली और पूरा मामला सीसीटीवी में कैद हुआ। कई सारी चेन देखने के बाद महिला अपनी मुट्ठी में एक चेन दबा लेती है। महिला दूसरी चेन उठाकर कर्मचारी को वजन के लिए बोलती है। जब वह चेन का वजन करने को मुड़ता है तो महिला चेन को अपने दूसरे हाथ में रख लेती है।

दो और शोरूम में गए थे बंटी बबली

वारदात के बाद ज्वेलर्स ने वाट्सऐप ग्रुप में घटना के बारे में बताया। इस पर पता चला कि दोनों महिला और पुरुष पहले दो और शोरूम पर वारदात करने गए थे। मगर, सफल नहीं हो सके। थाना हरीपर्वत में दोनों के खिलाफ तहरीर दी गई है।