Agra News: लोकसभा चुनाव से पहले BSP को तगड़ा झटका, इन कद्दावर नेताओं ने थामा भाजपा का दामन

Politics

आगरा: लोकसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने अपना जनाधार बढ़ाने और विपक्षी पार्टियों के कद्दावर नेताओं को तोड़कर उन्हें कमजोर करने का सिलसिला शुरू कर दिया। इस अभियान में भारतीय जनता पार्टी ने बसपा पार्टी को बड़ा झटका दिया है। सोमवार को भारतीय जनता पार्टी ने बसपा पार्टी के वरिष्ठ नेता गंगाधर कुशवाहा और रवि भारद्वाज को भाजपा की सदस्यता दिलाई। दोनों के ही एक साथ पार्टी छोड़ने से बसपा में हड़कंप की स्थिति है।

दोनों ने लड़ा था विधानसभा चुनाव

आपको बताते चलें कि भारतीय जनता पार्टी ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू कर दी हैं। विपक्षी दलों को कैसे कमजोर किया जाए इसके लिए रणनीति तैयार हो गई है और पार्टी के बड़े नेताओं को तोड़ा जा रहा है। इसके तहत सपा, बसपा और कांग्रेस के नेताओं को पार्टी ज्वाइन कराई जा रही है। आगरा में दक्षिण विधानसभा से बसपा की टिकट पर चुनाव लड़ने वाले रवि भारद्वाज और बसपा से खेरागढ़ से चुनाव लड़ने वाले गंगाधर कुशवाहा ने लखनऊ में भाजपा ज्वाइन कर ली है।

सोमवार को लखनऊ में भाजपा के प्रदेश कार्यालय पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी व डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक व केशव मौर्य ने बसपा के रवि भारद्वाज और गंगाधर कुशवाहा को पार्टी ज्वाइन कराई। बता दें कि 2022 में दक्षिण विधानसभा सीट से रवि भारद्वाज ने बसपा की टिकट पर चुनाव लड़ा था। वह यहां पर भाजपा के कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय के खिलाफ चुनाव मैदान में थे।

वहीं, खेरागढ़ से चुनाव लड़ने वाले गंगाधर कुशवाह ने भी हाथी से उतर कर भाजपा का दामन थाम लिया है। गंगाधर कुशवाहा बसपा में लंबे समय से सक्रिय थे। जिला सहकारी बैंक के चेयरमैन के साथ-साथ पार्टी के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। माना जा रहा है कि आने वाले समय में और कई नेता भी भाजपा का दामन थाम सकते हैं।

बसपा में मचा हड़कंप

जानकारी के मुताबिक दोनों ही बड़े नेताओं की पार्टी छोड़ने से बसपा पार्टी में हड़कंप मचा हुआ है लेकिन बसपा पार्टी की ओर से अभी कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। सूत्रों की माने तो दोनों की पार्टी छोड़ने की घटना चर्चा का विषय बनी हुई है।