Agra News: ताजनगरी फेस-2 में “आगरा चौपाटी” का शुभारम्भ, मिलेगा देश विदेश के लजीज व्यंजनों का स्वाद

स्थानीय समाचार

आगरा: शहर के लोगों को अब परिवार के साथ खाने-पीने के लिए बेहतर स्थान तलाशने के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। ताज नगरी फेस -2 में आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) द्वारा आगरा चौपाटी आरंभ कर दी गई है। अब शहरवासी और पर्यटक यहां पर देश विदेश के प्रमुख लजीज व्यंजनों का स्वाद ले सकेगे। केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने शनिवार को चौपाटी का उदघाटन किया।

शहर में उत्तर प्रदेश की यह पहली चौपाटी है। एडीए वीसी चर्चित गौड़ ने बताया कि एक ही छत के नीचे देश के लजीज व्यंजन उपलब्ध कराने के लिए चौपाटी की शुरुआत की गई है। यहां पर अभी 100 रुपये का टिकट रखा गया है। इसमें एंट्री फीस 20 रुपये है, जबकि 80 रुपए किसी भी दुकान पर खाने में एडजस्ट हो जाएंगे। दोपहर 12 बजे से रात 11 बजे तक चौपाटी पब्लिक के लिए खुली रहेगी। अभी 30 दुकानें उठ गई हैं। शेष दुकानें भी जल्द उठ जाएंगी।

केंद्रीय राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल ने चौपाटी का उदघाटन करने के बाद अपनी पत्नी मधु बघेल के साथ व्यंजनों का स्वाद भी लिया। उन्होंने कहाकि पर्यटकों के लिए चौपाटी बहुत अच्छा स्थान हैं। यहां पर पूरे परिवार के साथ बेहतर माहौल में देश-विदेश के अलग-अलग व्यंजनों का स्वाद लिया जा सकता है।

एडीए सचिव गारिमा सिंह ने बताया कि चौपाटी में इंदौर का पान, आगरा का पेठा, प्रमुख मिठाइयां, काफी, भेलपूरी, साउथ इंडियन, इटैलियन, चाइनीज, बिरयानी, मोमोज, नानवेज, आगरा का पराठा व अन्य व्यंजन मिलेंगे।

सुरक्षा के भी होंगे इंतजाम चौपाटी में आने वाले लोगों को सुरक्षा के लिए भी खास इंतजाम होंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहाकि उन्होंने प्रशासन से कहा है कि यहां पर पुलिस पोस्ट बनाई जाए। जो भी लोग यहां आएं, उन्हें किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।