आगराआगरा के थाना फतेहपुर सीकरी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बसेरी काजी के पास स्थित इम्लाबदा गांव में सोमवार की रात कुदरत का कहर टूट पड़ा। यहाँ लगी भीषण आग ने दो गरीब परिवारों के सपनों और कड़ी मेहनत की गृहस्थी को चंद मिनटों में राख के ढेर में तब्दील कर दिया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि घटना के दौरान घर में रखा गैस सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिसकी गूंज से पूरा इलाका दहल उठा।
शादी में गया था परिवार, पीछे से मची तबाही
जानकारी के मुताबिक, यह आग रात करीब 8 बजे सगे भाइयों सुंदरलाल और लाखन (पुत्रगण मानसिंह) के छप्परनुमा घरों में लगी। गनीमत यह रही कि जिस वक्त आग की लपटें घर को अपनी चपेट में ले रही थीं, उस समय दोनों परिवार एक विवाह समारोह में शामिल होने के लिए गांव से बाहर गए हुए थे। इसी वजह से एक बड़ा हादसा होने से बच गया और कोई जनहानि नहीं हुई।
सिलेंडर ब्लास्ट से बढ़ी दहशत
देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। इसी बीच घर के भीतर रखा रसोई गैस सिलेंडर धमाके के साथ फट गया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने साहस का परिचय देते हुए सबसे पहले घरों में बंधे मवेशियों के रस्से खोलकर उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला। हालांकि, झोपड़ियों में रखा अनाज, भूसा, कपड़े और पाई-पाई जोड़कर बनाई गई पूरी गृहस्थी जलकर नष्ट हो गई।
दमकल विभाग ने पाया काबू
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुँची। कड़ी मशक्कत के बाद दमकलकर्मियों ने लपटों पर पूरी तरह काबू पाया और आग को पड़ोस के अन्य घरों में फैलने से रोका। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों का पता नहीं चल सका है, लेकिन इस घटना ने दोनों पीड़ित परिवारों के सामने जीवन-यापन का बड़ा संकट खड़ा कर दिया है।

