Agra News: हिमाचल में लापता हुए दंपत्ति की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने ली राहत की सांस, भूस्खलन में फंस गए थे

स्थानीय समाचार

आगरा: बाढ़ और भूस्खलन के कारण हिमाचल प्रदेश में तीन दिन से लापता दंपत्ति की जानकारी मिल गई है। भूस्खलन के कारण वे बीच रास्ते में फंस गए थे। इस दौरान मोबाइल टावर गिरने से फोन के नेटवर्क ने काम करना बंद का दिया था। वे अब घर लौट रहे हैं।

यहां सदर क्षेत्र की सैंथिया एस्टेट कॉलोनी निवासी कुलदीप दीक्षित और उनकी पत्नी शिखा शादी की दूसरी सालगिरह मनाने हिमाचल प्रदेश की कीर्तन वैली में गए थे। कुलदीप गुरुग्राम की टूर कंपनी में सीनियर मैनेजर हैं।

कुलदीप के ममेरे भाई अभिषेक मिश्रा ने बताया कि मंगलवार को उन्होंने पुलिस-प्रशासन से गुहार लगाई थी। जिलाधिकारी से भी मिले थे। शाम तकरीबन सात बजे ट्रैवल्स कंपनी के कर्मचारियों का कार चालक से संपर्क हुआ। उसने कुलदीप से बात कराई। कुलदीप ने कहा कि वे ठीक हैं। रास्ता खुल गया है। वह गाड़ी से चंडीगढ़ तक जाएंगे। इसके बाद ट्रेन से गुरुग्राम पहुंचेंगे। इससे सभी परिजन ने राहत की सांस ली।

बेटे कुलदीप से बात नहीं हो पाने के कारण उसकी मां कुसमा देवी का बुरा हाल था। उन्हें अनहोनी का डर सता रहा था। शाम को बेटे का फोन आया। बेटे ने बताया, मां, मैं ठीक हूं। आप चिंता मत करना। मोबाइल टावर गिर जाने की वजह से बात नहीं हो पा रही थी। रात तक चंडीगढ़ पहुंच जाऊंगा। बेटे की आवाज सुनकर उन्होंने राहत की सांस ली। अब वह बेटे के सकुशल वापस आने का इंतजार कर रही हैं।
गौरतलब है कि इससे पहले विगत नौ जुलाई को कुलदीप ने फोन करके परिवार के लोगों को कुल्लू से मंडी मार्ग पर फंसे होने जानकारी दी थी। बाढ़ का एक वीडियो भी शेयर किया था। इसके बाद फोन नहीं लगने पर परिजन परेशान हो गए थे। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मदद मांगी। 55 घंटे बाद मंगलवार शाम को सात बजे परिवार के लोगों से उनका संपर्क हुआ। इससे परिवार की चिंता दूर हुई।

कुलदीप (32) के मामा रजनीश मिश्रा ने बताया कि कुलदीप के पिता सरोज कुमार दीक्षित की मृत्यु हो चुकी है। कुलदीप घर में इकलौते हैं। मां कुसमा दीक्षित सैंथिया एस्टेट में रहतीं हैं। कुलदीप गुरुग्राम में ही रहते हैं। दो साल पहले उनकी शादी मुरादाबाद की शिखा से हुई थी। शिखा दीक्षित ग्राफिक्स डिजाइनर हैं। सात जुलाई को उनकी शादी की दूसरी सालगिरह थी। वह सालगिरह मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के तीर्थन वैली के लिए गए थे।