Agra News: हर्षोल्लास के साथ मनाई गई आदि कवि महर्षि वाल्मीकि जयंती, मंदिरों में भजन-कीर्तन और शोभा यात्रा

स्थानीय समाचार

आगरा: जनपद भर में आज आदि कवि महर्षि वाल्मीकि जी की जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के वातावरण में भव्य रूप से मनाई गई। शासन के निर्देशानुसार जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी के कुशल मार्गदर्शन में जिले के सभी महर्षि वाल्मीकि मंदिरों, श्रीराम-जानकी मंदिरों और शिवालयों में हवन, पूजन, भजन-कीर्तन और अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया।

इस अवसर पर जनपद के हर क्षेत्र में धार्मिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन हुआ।

ग्राम पंचायत पोइया के मजरा पीली पोखर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में महर्षि वाल्मीकि जी के चित्र पर माल्यार्पण, मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना की गई। यहां भक्तों द्वारा अखंड रामायण पाठ का आयोजन किया गया।

वहीं, जगनेर के ग्राम कठुंबरी स्थित भूमिया बाबा मंदिर पर संगीतमय सुंदरकांड पाठ हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लिया।

शहर में रुई की मंडी से भगवान वाल्मीकि मंदिर से सुभाष पार्क तक निकली भव्य शोभा यात्रा में श्रद्धालुओं का आस्था सैलाब उमड़ पड़ा। यात्रा में शामिल लोगों ने वाल्मीकि जी के आदर्शों — प्रेम, करुणा, नैतिकता और एकता का संदेश दिया।

जयंती कार्यक्रमों के दौरान सांस्कृतिक दलों और कलाकारों द्वारा भजन-कीर्तन की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनमें महिलाओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पूरा जनपद भक्ति और उत्सव के रंग में सराबोर रहा।

इसी क्रम में जनपद के विभिन्न विकासखंडों के मंदिरों में भी बाल्मीकि रामायण पाठ का आयोजन किया गया।
महर्षि वाल्मीकि जयंती के इस पावन अवसर ने समाज में सद्भाव, समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश प्रसारित किया।