Agra News: चर्च रोड पर बाइक फिसलने से हुआ हादसा, जीजी नर्सिंग होम के डॉक्टर की मौत, हेलमेट भी हो गया चकनाचूर

Crime

आगरा: थाना हरिपर्वत क्षेत्र में चर्च रोड पर शुक्रवार सुबह हादसे में बाइक सवार चिकित्सक डाॅ. विकास कुमार (29) की मौत हो गई। वह जीजी नर्सिंग होम में सेवारत थे। बाइक फिसलने से हादसा हुआ। उनका हेलमेट भी चकनाचूर हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। उधर, तीन वाहन सवार भी चोटिल हुए हैं।

मूलरूप से इटावा-बेवर रोड, मैनपुरी निवासी डाॅ. विकास कुमार जीजी नर्सिंग होम में तैनात थे। खंदारी में किराये पर कमरा लेकर रहते थे। शुक्रवार सुबह 10:30 बजे वह बाइक से हाॅस्पिटल से कमरे पर जा रहे थे। सूरसदन तिराहे के पास से चर्च रोड की तरफ जाने लगे। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि सुरेश चंद दिनेश चंद साड़ी शोरूम के पास एक कूड़ा गाड़ी खड़ी थी। इससे कुछ मीटर पहले ही डाॅ. विकास की बाइक फिसल गई। वह घिसटते हुए बीके बर्तन भंडार शोरूम के सामने आ गए.

दो बाइक पीछे चल रही थीं। वाहन चालकों ने ब्रेक लगाए। मगर, वह भी गिर गए। एक बाइक उनके पास आकर फिसल गई, जबकि दूसरी बाइक का पहिया डाॅ. विकास के हेलमेट से टकरा गया।

बाइक सवार दो युवक उनके ऊपर ही गिर गए। वहीं डाॅक्टर की बाइक से रास्ते से निकलकर जा रहे एक्टिवा सवार पिता-पुत्री टकरा गए। दोनों घायल हो गए। हादसा देखकर सड़क पर अफरातफरी मच गई। राहगीर रुक गए। दुकानदार भी आ गए। उन्होंने सभी घायलों को उठाया। डाॅक्टर विकास को कुछ लोग अस्पताल ले गए। मगर, उनकी मौत हो गई।

थाना हरीपर्वत के प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार ने बताया कि डाॅ. विकास हेलमेट पहने हुए थे। हेलमेट टूट गया। उनके सिर में चोट लगी थी। पसलियां भी टूट गई। हादसा सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में कैद हो गया। इसमें किसी की गलती नजर नहीं आ रही है। परिजन जो भी लिखकर देंगे, उस आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

परिवार के करीबियों ने बताया कि डाॅ. विकास कुमार ने फिलिपींस के काॅलेज से एमबीबीएस की पढ़ाई की थी। इसके बाद नोएडा के हाॅस्पिटल में तैनात थे। चार महीने से जीजी नर्सिंग होम में नौकरी कर रहे थे। पिता शिव कुमार सिंह भी चिकित्सक हैं। उनकी चार बहन हैं। वह इकलौते भाई थे। डाॅ. विकास की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।