Agra News: एसएन में भर्ती महिला को थी दुर्लभ बॉम्बे ब्लड ग्रुप की जरूरत, ‘लोकहितम’ व प्रसूति विभाग के प्रयास से बची जान

स्थानीय समाचार

आगरा: एसएन मेडिकल कॉलेज में 8 माह की गर्भवती अनीता पत्नी मुकीम निवासी खेरिया मोड़, आगरा के प्रसव हेतु परिवारजन ने भर्ती कराया था। जांच उपरांत ज्ञात हुआ कि गर्भस्थ शिशु की गर्भ में मृत्यु हो चुकी थी। मरीज का तत्काल ऑपरेशन किया जाना था परंतु मरीज का हीमोग्लोबिन कम होने के कारण डॉक्टर की सलाह पर रक्त की भी अत्यंत आवश्यकता थी। जब मरीज के ब्लड ग्रुप की जांच लोकहितम ब्लड बैंक, कमला नगर आगरा में की गई तो पता चला कि मरीज का ब्लड ग्रुप अतिदुर्लभ ब्लड बॉम्बे ब्लड ग्रुप है। इस दुर्लभ ब्लड ग्रुप के व्यक्ति सम्पूर्ण भारत देश में सीमित ही है।

यह मामला जैसे ही लोकहितम ब्लड बैंक के निदेशक अखिलेश अग्रवाल के संज्ञान में आया तो उनके कहने पर ब्लड बैंक के संजोयक रोहित अग्रवाल एडवोकेट ने संकल्प इंडिया फाउंडेशन बेंगलुरु में संपर्क किया। मरीज के लिए रक्तदाता अथवा बॉम्बे ब्लड ग्रुप तत्काल एयर फ्लाइट के माध्यम से लाने की रूपरेखा लोकहितम ब्लड बैंक की जिम्मेदारी एवं खर्चे पर बनाई गई। इसमें बेंगलुरु से डॉक्टर रजत अग्रवाल का सहयोग प्राप्त हुआ।

इसके अलावा बिना रक्त आवश्यकता के मरीज का प्रसव कराया जाये इस पर भी गंभीरता से डॉक्टर सरोज सिंह (विभागाध्यक्ष महिला एवं प्रसूति विभाग एस एन मेडिकल कॉलेज) व उनकी विशेषज्ञ डॉक्टर टीम के साथ मिलकर रूपरेखा तैयार की गयी। लोकहितम द्वारा मरीज के लिए किसी भी आपातकाल स्थिति में मरीज के लिए रक्त उपलब्ध कराने के आश्वासन पर डॉक्टर टीम द्वारा प्रसव के लिए सहमति दी गयी।

डॉक्टर सरोज सिंह के निर्देशन में सायं 4.30 बजे मरीज का सुरक्षित प्रसव कराया गया जिसमें मरीज की जान बचाई गयी और फिर ब्लड की आवश्यकता नहीं पड़ी। यह मरीज का छठवां बच्चा था जिसे बचाया नहीं जा सका लेकिन महिला मरीज स्वस्थ हैं। प्रसव ऑपरेशन के पश्चात मरीज अनीता के पति मुकीम एवं उनके परिवारजन ने लोकहितम ब्लड बैंक एवं महिला एवं प्रसूति विभाग एस एन मेडिकल कॉलेज का आभार व्यक्त व्यक्तिगत रूप से किया।

रोहित अग्रवाल की सक्रियता एवं परिश्रम से यह कठिन कार्य संभव हो सका एवं अनीता को नया जीवन मिल गया। लोकहितम ब्लड बैंक मैनेजमेंट की तरफ से डॉक्टर सरोज सिंह व उनकी विशेषज्ञ डॉक्टर टीम का इस सहयोग हेतु आभार भी व्यक्त किया गया।