आगरा: नवनिर्वाचित विधायकों ने हर्षोल्लास के साथ मनाई होली, कार्यकर्ताओं का रहा जमघट

Politics

आगरा: नवनिर्वाचित विधायकों के आवास पर होली का पर्व बड़े ही हर्षो उल्लास के साथ मनाया गया। एक तरफ होली और दूसरी ओर भाजपा की प्रचंड बहुमत की जीत वो भी आगरा की 9 सीटों पर मिली जीत ने कार्यकर्ताओं के होली पर्व मानने की खुशी को दुगना कर दिया है। होली पर इस खुशी का माहौल विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, विधायक भगवान सिंह और विधायक धर्मपाल के आवास पर देखने को मिला। विधायकों ने कार्यकर्ताओं के साथ जमकर होली भी खेली, साथ ही कार्यकर्ताओं का आभार भी व्यक्त किया।

सादगी के साथ मना होली पर्व

विधायक डॉक्टर जी एस धर्मेश के आवास पर होली का पर्व बड़ी ही सादगी के साथ मनाया गया। कार्यकर्ताओं की अच्छी खासी भीड़ तो डॉक्टर जी एस धर्मेश के आवास पर थी लेकिन सिर्फ गुलाल और अबीर से ही होली खेली गई। ढोल नगाड़े भी डॉक्टर जी एस धर्मेश के आवास पर नजर नहीं आए। उनका कहना था कि यह होली दुगना उत्साह लेकर आई है लेकिन हमें होली बिना हुड़दंग के शांति के साथ ही खेलनी है। भारी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं ने डॉक्टर जी एस धर्मेश के जी भर के गुलाल और अबीर लगाया तो विधायक ने भी उनके गुलाल – अबीर लगाकर होली की बधाई दी और जीत के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।

विधायक भगवान सिंह कुशवाहा के आवास पर होली बड़े ही हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। बुद्धाराम स्कूल में ही विधायक भगवान सिंह कुशवाहा की ओर से होली पर मनाने के सारे इंतजाम किए थे। खेरागढ़ विधानसभा से भारी संख्या में लोग विधायक भगवान सिंह कुशवाहा से होली मिलने के लिए आए थे। सभी ने जय श्रीराम के नारे लगाकर विधायक भगवान सिंह कुशवाहा को गुलाल लगाया और गले मिलकर होली की बधाइयां दी। इस दौरान विधायक भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने भी हर कार्यकर्ता को गुलाल और अबीर से सराबोर कर दिया। भगवान सिंह विधायक के यहां होली का यह दृश्य ब्रज की होली की याद दिला रही थी। विधायक भगवान सिंह कुशवाहा का कहना था कि इस होली पर भाजपा कार्यकर्ता काफी उत्साहित हैं। खेरागढ़ की सम्मानित जनता ने उन्हें एक बार फिर उनकी सेवा करने का मौका दिया है। इस बार वह भाजपा पार्टी के बैनर तले उनकी सेवा करेंगे। इस जीत के लिए कार्यकर्ताओं का आभार साथ ही सभी को होली की बधाई दी।

होली का उत्साह डॉक्टर धर्मपाल के आवास पर भी कम नजर नहीं आया। भारी संख्या में एत्मादपुर के भाजपा कार्यकर्ता और उनके समर्थक होली की बधाई देने के लिए उनके आवास पर पहुंचे थे। विधायक आवास पर गुलाल और अबीर जमकर उड़ा। सभी ने एक दूसरे को गुलाल से रंग दिया। हर कार्यकर्ता ने विधायक धर्मपाल को गुलाल लगाया और जीत की बधाई भी दी। डॉक्टर धर्मपाल का कहना था कि इस बार की होली उनके लिए कुछ अलग ही है। होली के माध्यम से चुनावी प्रतिद्वंदिता और कार्यकर्ताओं की नाराजगी भी दूर हो गई है। अब सिर्फ एत्मादपुर की जनता की एक बार सेवा करनी है।