आगरा: सांसद चाहर के बेटों की सगाई की दावत में उमड़े शहर और गांववासी, प्रदेश की कई प्रमुख हस्तियां भी पहुंचीं

Regional

एक साथ हजारों लोगों को भोजन, ध्वनि विस्तारकों से दावत का संचालन

कागारौल के इंटर कालेज मैदान पर सुबह से रात तक चलती रही दावत

आमंत्रित अतिथियों की संख्या को देखते हुए वार्ड भी बनाए गए

आगरा फतेहपुर सीकरी के भाजपा सांसद और भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार चाहर के बेटों की सगाई की दावत में आज शनिवार को करीब दो लाख लोगों ने भोज का आनंद लिया। कागारौल के रफी अहमद किदवई इंटर कालेज मैदान पर सुबह दस बजे से शुरू हुई दावत रात तक चलती रही।

सांसद राजकुमार चाहर के दो पुत्रों करमवीर सिंह और शूरवीर सिंह के विवाह से पूर्व सगाई समारोह कॉलेज के विशाल मैदान में हुआ। आमंत्रित अतिथियों की संख्या को देखते हुए वार्ड बनाए गए। खीर, मालपुआ, पूड़ी, सब्जी, रायता, लड्डू आदि का भरपूर इंतजाम किया गया। एक साथ हजारों लोगों को भोजन कराने का इंतजाम था। ध्वनि विस्तारक यंत्र के माध्यम से दावत का संचालन किया गया।

राजकुमार चाहर ने जिले के सभी गांव, बस्ती, कस्बा, शहर वालों को चूल्ह का न्योता दिया था। हजारों लोगों को व्यक्तिगत आमंत्रण भी था। कागारौल की ओर जाने वाली सड़कों पर भारी यातायात रहा। कार्यक्रम स्थल की ओर खेतों में होकर भी लोग और वाहन जा रहे थे, जिस कारण दूर से ही धूल उड़ती दिख रही थी।

कागारौल की ओर प्रवेश करने पर होर्डिंग लगाए गए थे ताकि सबको पता चल सके कि कार्यक्रम कहां हो रहा है। कार्यक्रम स्थल पर राजकुमार चाहर के पोस्टर लगे थे। प्रमुख लोग मंच पर पहुंचकर बधाई दे रहे थे। उनके लिए मंच पर सोफों की व्यवस्था भी की गई थी। शाम को सगाई समारोह हुआ। मंच पर इतने लोग पहुंच गए कि कुछ भी देख पाना संभव नहीं हो पा रहा था।

कार्यक्रम में पूरे प्रदेश की कई हस्तियों ने भाग लिया। आगरा शहर की सभी प्रमुख राजनीतिक और गैर राजनीतिक हस्तियां पहुंचीं। सांसद राजकुमार चाहर के साथ फोटो खिंचवाने और सेल्फी लेने की होड़ मची रही।
लोग चर्चा कर रहे थे कि यह 2024 को लोकसभा चुनाव की तैयारी है। सांसद ने अपने एक पुत्र की शादी दिल्ली में की थी। इसमें चुनिंदा लोग बुलाए गए थे। इसकी भी फतेहपुर सीकरी लोकसभा क्षेत्र में चर्चा हुई थी। आज की दावत ने इस चर्चा पर विराम लगा दिया। चूंकि कार्यक्रम 10 बजे शुरू हो गया था और रात्रि तक चला, इसलिए सैकड़ों लोगों ने दो बार दावत का आनंद लिया।