आगरा: मनचलों ने छात्रा का किया जीना मुश्किल, परेशान छात्रा ने कराया मुकदमा दर्ज

Crime

आगरा। थाना सदर क्षेत्र में मनचलों ने छात्रा का जीना मुश्किल कर दिया है। आये दिन स्कूल आते-जाते में छेड़छाड़ की जाती है। कई बार तो उसे साइकिल से गिराने का प्रयास किया गया। परेशान फौजी की बेटी ने मनचलों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस बाइक नंबर के आधार पर आरेापियों की गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है।

सदर क्षेत्र निवासी फौजी की बेटी नौवीं की छात्रा है। वह बीस दिन पहले स्कूल से सहपाठी के साथ साइकिल से घर आ रही थी। मधु नगर चौराहे पर बाइक सवार दो युवकों ने बराबर में आकर तेज आवाज में हार्न बजाने लगे। उनके बराबर से तेजी से बाइक निकाली। दोनों गिरने से बच गईं। उनसे छेड़छाड़ करने लगे तो वह डर गईं। सहपाठी का घर रास्ते में पड़ता है, वह पहले चली गई। मनचलों ने छात्रा का पीछा जारी रखा। बाइक लहराकर कई बार गिराने का प्रयास किया। छात्रा ने घर आकर मां को जानकारी दी।

पिता के फाैजी होने व बाहर तैनाती के चलते मां ने शिकायत करने से मना कर दिया। उन्होंने स्कूल की शिक्षिका को जानकारी दी। शिक्षिका ने छात्रा को स्कूल मोबाइल फोन लेकर आने की अनुमति दी। जिससे वह दोबारा ऐसी स्थिति में पुलिस को फोन कर सके।

मनचलों ने 27 अगस्त को दोबारा छात्रा का पीछा कर गिराने का प्रयास किया। जिस पर छात्रा ने मनचलों को सबक सिखाने का फैसला किया। उसकी तहरीर पर रविवार को सदर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है।