आगरा: किसान अब अन्नदाता के साथ ‘कृषि उद्यमी’ भी, एसबीआई के मिलन समारोह में कृषि-निर्यात और वैल्यू एडिशन पर मंथन

Business

आगरा: होटल होलीडे में आयोजित ‘स्मार्ट कृषि ग्राहक मिलन समारोह’ में कृषि क्षेत्र के विकास और किसानों को उद्यमी बनाने पर मंथन किया गया। स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में बैंक के वरिष्ठ अधिकारियों, कृषि उद्यमियों और फूड प्रोसेसिंग विशेषज्ञों ने भाग लिया।

​’किसान अब एक उद्यमी’

कार्यक्रम का उद्घाटन एसबीआई के उप महाप्रबंधक संजय कुमार सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा, “किसान अब केवल फसल उगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि वह एक उद्यमी के रूप में उभर रहा है। यदि किसान समृद्ध होगा, तो गांव और देश दोनों ही मजबूत होंगे।”

उन्होंने जानकारी दी कि आगरा क्षेत्रीय कार्यालय के तहत सात जिलों की 215 शाखाओं के जरिए किसानों को 4100 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया है। उन्होंने एग्री इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने और किसानों से मूल्य संवर्धित (वैल्यू एडेड) उत्पादों की ओर बढ़ने की अपील की।

निर्यात में छिपी हैं अपार संभावनाएं

एजीएम एसएमई संदीप गुप्ता ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय कृषि उत्पादों और स्वाद की भारी मांग है। उन्होंने किसानों को गुणवत्तापूर्ण उत्पादन और प्रोसेसिंग पर जोर देने को कहा, जिससे वे सीधे निर्यात के क्षेत्र में अपनी पैठ बना सकें।

योजनाओं की दी गई जानकारी

कार्यक्रम में एसबीआई की इंदु ठाकुर ने बैंकिंग की प्रमुख योजनाओं—किसान समृद्धि ऋण, पीएमएफएमई (PMFME) योजना, एग्री इंफ्राटेक लोन, पीएम कुसुम और पॉली हाउस के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही, प्रिंसिपल एफपीओ लोकेश सैंगर ने सरकारी सहायता कार्यक्रमों पर प्रकाश डाला, जबकि बैंक के बीमा और वेल्थ मैनेजमेंट विशेषज्ञों ने किसानों को सुरक्षा और वित्तीय निवेश के टिप्स दिए।

सफल उद्यमियों ने बांटी सफलता की कहानी

कार्यक्रम का एक विशेष आकर्षण कृषि क्षेत्र के सफल उद्यमियों द्वारा साझा की गई प्रेरणादायक कहानियां रहीं। उन्होंने अपनी सफलता के माध्यम से मौजूद किसानों को नई तकनीक और बेहतर प्रबंधन के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के समापन पर क्षेत्रीय प्रबंधक (मैनपुरी-एटा) पंकज तिवारी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर गौरव अग्रवाल, अनिल दलाल और निरंजन कुमार मीणा सहित बैंक के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और बड़ी संख्या में प्रगतिशील किसान उपस्थित रहे।q