आगरा: जूही बब्बर ने अपनी ‘सईयारा’ टीम के साथ किया ताजमहल का दीदार

स्थानीय समाचार

आगरा: बॉलीवुड अभिनेत्री जूही बब्बर सोनी ने अपनी पूरी टीम के साथ मोहब्बत की निशानी ताजमहल का दीदार किया। जूही बब्बर शनिवार सुबह अपनी पूरी टीम के साथ ताजमहल पहुंची थी, उनके साथ समाजसेवी श्याम भोजवानी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज बब्बर के बेहद करीबी उपेंद्र सिंह मौजूद रहे। सभी ने मिलकर मोहब्बत की निशानी ताजमहल का दीदार किया।

ताजमहल का दीदार करके जूही बब्बर काफी उत्साहित नजर आई। उन्होंने मोहब्बत की निशानी ताजमहल को अद्भुत ऐतिहासिक स्मारक बताया। उन्होंने कहा कि एक बार कोई मोहब्बत की निशानी ताज का दीदार कर ले तो वह इस ऐतिहासिक स्मारक को देखने के लिए बार बार जरूर आएगा।

अभिनेत्री जूही बब्बर ने बताया कि वह आगरा में अपने प्ले ‘सईयारा’ में अभिनय करने के लिए आगरा आई थी। शुक्रवार शाम को सूरसदन में उन्होंने अपनी टीम के साथ इस प्ले का मंचन किया। सईयारा प्ले के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यह एक आम लड़की की कहानी है जिसके माध्यम से यह बताने का प्रयास किया गया है कि आज भी महिलाएं सशक्त नहीं हुई हैं। चाहे कितनी भी पढ़ाई-लिखाई कर लें, कितना भी पैसा कमा लें। लेकिन समाज का नजरिया औरतों के प्रति नहीं बदला है। उस नजरिए को बदलने के लिए सईयारा नाटक का मंचन किया है।

इस मौके पर मौजूद राज बब्बर के बेहद करीबी उपेंद्र सिंह ने बताया कि आज बेटी जूही बब्बर ने ताजमहल का दीदार किया है। पूरी टीम के साथ उन्होंने ताजमहल का भ्रमण किया और अब वह अपने गंतव्य के लिए रवाना हो रही हैं। इस दौरान उनसे कुछ पारिवारिक और राजनीतिक चर्चा भी हुई।