आगरा: जोंस पब्लिक लाइब्रेरी को जल्द ही अधीश पुस्तकालय के नाम से जाना जाएगा, विधायक ने महापौर को सौंपा पत्र

Press Release

आगरा: पालीवाल पार्क स्थित जोंस पब्लिक लाइब्रेरी को शीघ्र ही अधीश पुस्तकालय के नाम से जाना जाएगा। शुक्रवार को इस संबंध में विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने महापौर नवीन जैन को पत्र सौंपा। महापौर जी ने इस पर हर्ष व्यक्त करते हुए स्व. श्री अधीश जी के राष्ट्रवादी विचार और साहित्य लेखन का स्मरण किया। जन्म से आगरा शहर से जुड़ाव और बतौर लोकतंत्र सेनानी किए गए संघर्ष को भी याद किया।

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने महापौर श्री जैन से वार्ता के बाद बताया कि देश आजादी की 75वीं वर्षगांठ मनाकर चुका है। ऐसे में शहर के मध्य में स्थित किसी भवन का नाम किसी अंग्रेज के नाम पर होना चुभता था। इसी क्षेत्र सुलतानगंज में जन्मे और बाल्यावस्था से बतौर सदस्य इस पुस्तकालय से जुड़े रहे स्व. अधीश जी। जिन्होंने राष्ट्रीय फलक तक राष्ट्रवादी विचारक और लेखक के रूप में पहचान बनाई। विश्व संवाद केंद्र की स्थापना उनके ही विचारों की परिणिति है। उनके नाम पर जोंस पब्लिक लाइब्रेरी का नामकरण करने का विचार आया। इस संदर्भ में आज महापौर श्री नवीन जी ने सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि इस सम्बंध में शीघ्र ही आवश्यक प्रक्रिया को अमल में लाया जाएगा।

ज्ञातव्य है कि पिछले दिनों विधायक खंडेलवाल ने मंडलायुक्त से पालीवाल पार्क व उक्त लाइब्रेरी के जनोपयोगी बनाने पर चर्चा की थी। महापौर श्री जैन ने कहा कि उक्त लाइब्रेरी को आदर्श पुस्तकालय व वाचनालय बनाया जायेगा।

-up18news