आगरा। श्री श्याम प्रभु सखा मित्र मंडल द्वारा 16वें श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव का आयोजन सोमवार को शाम 7 बजे से कमला नगर एफ ब्लॉक स्थित जनक पार्क में किया जाएगा।
विशाल संकीर्तन महोत्सव से पूर्व महिलाओं द्वारा आयोजन स्थल पर श्याम नाम की मेहंदी लगाई गई। हाथों पर श्याम नाम रचाकर महिलाओं ने बाबा के प्रति अपनी श्रद्धा और भक्ति व्यक्त की तथा भजनों का आनंद लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ श्री गायत्री यज्ञ समिति द्वारा आयोजन स्थल पर हवन से किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ में आहुतियां अर्पित कर महोत्सव के निर्विघ्न एवं सफल आयोजन की कामना की गई।
अध्यक्ष बंशी वर्मा ने बताया कि श्री श्याम प्रभु सखा मित्र मंडल पिछले 16 वर्षों से लगातार बाबा श्याम की भक्ति और प्रचार-प्रसार के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहा है। मंडल द्वारा प्रत्येक रविवार को निःशुल्क श्याम संकीर्तन का आयोजन किया जाता है। इसका उद्देश्य बाबा श्याम का नाम घर-घर तक पहुंचाना और अधिक से अधिक लोगों को भक्ति से जोड़ना है। प्रत्येक सप्ताह होने वाली भजन संध्या में श्रद्धालु पूरे उत्साह से शामिल होते हैं।
उन्होंने कहा कि मंडल का प्रयास है कि श्याम बाबा की महिमा का गुणगान निरंतर होता रहे और समाज में प्रेम, सद्भाव तथा आध्यात्मिक चेतना का प्रसार हो।
स्वागत अध्यक्ष अविनाश राणा ने बताया कि 16वें विशाल श्याम संकीर्तन महोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। आयोजन को भव्य और भक्तिमय बनाने के लिए बाबा के अलौकिक श्रृंगार, 56 भोग, अखंड ज्योति, श्याम रसोई और बाबा के खजाने सहित विभिन्न धार्मिक व्यवस्थाएं की गई हैं।
जयपुर की रजनी राजस्थानी और आयुष सोमानी की भजन प्रस्तुतियां श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगी। बाबा श्याम के भजनों, संकीर्तन और भक्ति के रंगों से सजी इस भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर बाबा के चरणों में हाजिरी लगाएंगे। खाटू श्याम मंदिर, जीवनी मंडी में बाबा की पोशाक सेवा भी की जाएगी।
संगीत के साथ मंच संचालन की प्रस्तुति लोकेश मित्तल करेंगे। इस दौरान जीतू, दिनेश शर्मा, देवेंद्र कुमार गोयल अन्य मंचीय व्यवस्था संभालेंगे और कन्हैया तोमर द्वारा इत्र वर्षा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि श्याम नाम की मेहंदी और हवन के साथ महोत्सव की तैयारियों को भक्तिमय स्वरूप दिया गया है। यह आयोजन श्याम प्रेमियों को एक सूत्र में जोड़ने और बाबा की भक्ति को घर-घर तक पहुंचाने का माध्यम है।
मंडल द्वारा प्रत्येक रविवार की भांति साप्ताहिक भजन संध्या का आयोजन भी किया गया। इसमें ओमप्रकाश शर्मा ने बाबा श्याम की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इसके बाद जूली अग्रवाल, अंजना लोहिया, दीप दीक्षित, टीटू सवार, प्रखर लोहिया, सुमित शर्मा और बंशी वर्मा ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर किया। भजनों के बीच श्रद्धालु बाबा की भक्ति में झूमते नजर आए।
इस अवसर पर अध्यक्ष बंशी वर्मा, स्वागत अध्यक्ष अविनाश राणा, ओम प्रकाश शर्मा, प्रवीण गोयल, गजेन्द्र वर्मा, राजन गुप्ता, मनीष वर्मा, किशन अग्रवाल, उमाशंकर अग्रवाल, पंकज लोहिया, गोपाल कृष्ण अग्रवाल, दीप दीक्षित, मीरा वर्मा, पुष्पा शर्मा, अनीता वर्मा, विनिता गोयल, नेहा राणा, रेखा वर्मा, नीता अग्रवाल, नीतू अग्रवाल, सोहिनी गुप्ता, खुश्बू अग्रवाल, कंचन वर्मा, मीनू अग्रवाल, नेहा वर्मा, पूजा वर्मा आदि उपस्थित रहे।


