आगरा जनकपुरी महोत्सव: महापौर नवीन जैन ने नगर निगम अधिकारियों संग किया दयालबाग क्षेत्र का निरीक्षण, विकास कार्यों को देखा

स्थानीय समाचार

आगरा।  शुक्रवार को महापौर नवीन जैन ने जनकपुरी आयोजन समिति के अध्यक्ष सुरेश चंद गर्ग ‘तपन ग्रुप’ एवं अन्य पदाधिकारियों और नगर निगम अधिकारियों को साथ लेकर दयालबाग क्षेत्र का निरीक्षण किया। महापौर ने जनकपुरी महोत्सव के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों को देखा और नगर निगम अधिकारियों से कार्य प्रगति की रिपोर्ट ली।

महापौर नवीन जैन ने दयालबाग 100 फुटा रोड़ के अंतिम छोर से निरीक्षण शुरू करते हुए जनक महल की ओर रुख किया। इस दौरान महापौर ने नगर निगम द्वारा किये जा रहे नाला निर्माण, सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण कार्यों को देखा। 100 फुटा रोड़ पर पेड़-पौधों की कटाई-छंटाई का भी काम चल रहा था। इस देख महापौर नवीन जैन ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि पेड़ों को न काटा जाए बल्कि उनकी इतनी छंटाई हो कि रामबारात निकलने के दौरान सभी रथ और झांकियां आसानी से निकल सकें।

निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी महापौर नवीन जैन ने सभी नगर निगम अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। प्राथमिकता के आधार पर सभी कार्य को समय से पूरा कराया जाए। यदि कोई काम रह जाता है या किसी काम में कमी होती है तो जनकपुरी आयोजन के बाद उसे पूर्ण रूप से दुरुस्त कराया जाए।

इसके बाद महापौर नवीन जैन ने जनक महल स्थल का भी निरीक्षण किया। वहां बनाये जा रहे जनक महल के विशाल स्वरूप को देखा और वहां तैयार किये जा रहे मंच और लोगों की बैठने की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

मीडिया से मुखातिब होते हुए महापौर नवीन जैन ने बताया कि कोरोना के चलते पिछले 2 साल जनकपुरी का आयोजन नहीं हो सका। इस बार भव्य रूप से इस आयोजन की तैयारी चल रही है। जनकपुरी क्षेत्र में नगर निगम की टीम पूरी मुस्तैदी के साथ जुटी है। जहां निर्माण की आवश्यकता है वहां निर्माण किया जा रहा है, जहां अंधेरा है वहां लाइटें लगाई जा रही हैं। तारों को ऊंचा करने के साथ-साथ पेड़ों की छंटाई का भी काम किया जा रहा है।

महापौर ने बताया कि जनकपुरी क्षेत्र में लगभग 3 करोड रुपए से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। अधिकारियों को निर्देश दिये हैं कि सभी कार्य समय से एवं गुणवत्ता पूर्ण होने चाहिए।

इस मौके पर जनकपुरी आयोजन समिति के संयोजक भरत शर्मा, मनोज अग्रवाल, राजीव जायसवाल, दिनेश नहुवार, अखिलेश गौड़, मानसिंह धाकड़, प्रेमदास चौधरी, जुगल श्रोत्रिय, दिनेश गौतम, उप नगर आयुक्त विकास सेन, अधिशासी अभियंता आरके सिंह, सहायक अभियंता एस के ओझा, अवर अभियंता इंद्रजीत, जेडएसओ महेंद्र सिंह, सेनेट्री इंस्पेक्टर राज बहादुर सिंह, रचना आदि मौजूद रहे।