आगरा: गुब्बारे में गैस भरने वाला सिलेंडर फटने से चार लोग गंभीर रूप से घायल

स्थानीय समाचार

आगरा। थाना न्यू आगरा के दयालबाग क्षेत्र में गुब्बारे में गैस भरने वाला सिलेंडर फटने से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इन घायलों में 3 महिलाएं भी हैं। आनन-फानन में सभी घायलों को आगरा के एसएन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अभी तक किसी को भी होश नहीं आया है जिसके चलते उनकी पहचान नहीं हो पाई है।

बताते चलें कि आज बसंत पंचमी का पर्व दयाल बाग क्षेत्र में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। जिसके चलते दयालबाग क्षेत्र में आकर्षक सजावट भी की गई है। इस अवसर पर राधा स्वामी सत्संग के श्रद्धालुओं के साथ क्षेत्रीय लोगों की भीड़ भी सड़कों पर थी। दयालबाग में पोस्ट ऑफिस के पास एक गुब्बारे वाला गैस सिलेंडर से गुब्बारे में गैस भर रहा था कि तभी अचानक गैस सिलेंडर फट गया। हादसा लगभग शाम 6 बजे का बताया जा रहा है।

तेज धमाके के साथ फटे गैस सिलेंडर की चपेट में गुब्बारे वाला और पास में खड़ी तीन महिलाएं आ गई। वहीँ चारों ओर अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एमजी रोड स्थित एसएन हॉस्पिटल में भर्ती कराया है, जहां सभी की हालत गंभीर बताई जा रही है।