आगरा जैन समाज ने मनाया महावीर जन्मोत्सव: सुबह प्रभात फेरी तो शाम को दीपदान, आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हुआ शहर

Religion/ Spirituality/ Culture

आगरा। अहिंसा के अवतार भगवान महावीर स्वामी के जन्म कल्याणक महोत्सव पर सोमवार को ताजनगरी पूरी तरह आध्यात्मिक रंग में डूबी नजर आई। शहर के कोने-कोने से ‘त्रिशला नंदन वीर की, जय बोलो महावीर की’ के जयघोष सुनाई दिए। कहीं भव्य पालकी यात्रा निकाली गई तो कहीं प्रभात फेरियों के माध्यम से भगवान के संदेशों को जन-जन तक पहुँचाया गया। भक्ति गीतों की मधुर धुनों और केसरिया ध्वजों के बीच जैन समाज ने पूरी श्रद्धा और उल्लास के साथ यह पर्व मनाया।

​ओल्ड ईदगाह कॉलोनी: सुसज्जित पालकी में विराजे प्रभु

ओल्ड ईदगाह स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर के तत्वावधान में सोमवार प्रातः 6 बजे भगवान महावीर स्वामी की भव्य पालकी यात्रा निकाली गई। भगवान को सुसज्जित पालकी में विराजमान कर मंदिर परिसर से विहार शुरू हुआ। यह यात्रा केनरा बैंक, गणेश अपार्टमेंट और सत्संग भवन जैसे प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः मंदिर पहुँची।

विशेष आकर्षण यह रहा कि पुरुष वर्ग सफेद (श्वेत) वस्त्रों में और महिला वर्ग पीले (पीतांबर) वस्त्रों में नजर आया, जो अनुशासन और शुचिता का प्रतीक था। मंदिर पहुँचने के बाद भगवान का अभिषेक और विश्व शांति की कामना के साथ शांतिधारा की गई। इस दौरान अमित जैन बॉबी, अतुल जैन और महिला मंडल सहित भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

अवधपुरी: प्रभात फेरी में भक्ति और एकता का संगम

​उधर, अवधपुरी स्थित 1008 श्री पदमप्रभु जिनालय से सुबह 7:15 बजे प्रभात फेरी निकाली गई। मारुति एस्टेट मार्ग, राज गार्डन और अवधपुरी चौराहा होते हुए यह फेरी पुनः जिनालय पर संपन्न हुई। भजन-कीर्तन और धर्म ध्वजा लिए श्रद्धालु पूरे रास्ते भक्ति में लीन दिखे। मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर प्रभात फेरी का भव्य स्वागत किया।

​इस आयोजन की कमान पदमप्रभु महिला मंडल और नवकार युवा मंच ने संभाली। व्यवस्थाओं में प्रवीन कुमार जैन, विवेक जैन, अभिनव जैन और कविता जैन सहित समस्त पदाधिकारी सक्रिय रहे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई महावीर स्वामी के सिद्धांतों को आत्मसात करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा था।

शहर के अन्य जैन मंदिरों में भी विशेष पूजा-अर्चना और दीपदान के कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।